
करिश्मा कपूर के एक्स हसबैंड संजय कपूर के निधन के बाद से उनकी संपत्ति में हिस्सेदारी को लेकर विवाद काफी गहरा हो चुका है। पिछले साल नवंबर में केस की सुनवाई के दौरान करिश्मा कपूर की बेटी ने ये दावा किया था कि उनकी दो महीने से फीस पेंडिंग है। अब प्रिया कपूर की एक याचिका की चर्चा है जिसमें उन्होंने करिश्मा कपूर के बच्चों समायरा और कियान के स्कूल फीस के लिए दिल्ली हाई कोर्ट को आवेदन भेजा है।
बता दें कि दिल्ली हाई कोर्ट ने मंगलवार को प्रिया कपूर द्वारा दायर एक याचिका पर औपचारिक नोटिस जारी किया, जिसमें उन्होंने दिवंगत पति और बिजनेसमैन संजय कपूर के कर्मचारी भविष्य निधि (ईपीएफ) खातों के एक्सेस की अनुमति मांगी है ताकि उनकी पूर्व पत्नी करिश्मा कपूर से हुए बच्चों, समायरा और कियान की स्कूल फीस और पढ़ाई-लिखाई से जुड़े खर्चों का भुगतान किया जा सके ।
याचिका पर 26 मई, 2026 को सुनवाई हुई
रिपब्लिक वर्ल्ड के मुताबिक, याचिका पर 26 मई, 2026 को सुनवाई हुई और इसमें 30 अप्रैल को एक कोऑर्डिनेट बेंच द्वारा पारित अंतरिम निषेधाज्ञा के स्पष्टीकरण और आंशिक संशोधन की मांग की गई है, जिसने चल रहे उत्तराधिकार विवाद के बीच संजय कपूर की संपत्ति को फ्रीज कर दिया था।
बच्चों से संबंधित आवश्यक दायित्वों को पूरा करने के लिए सीमित गुंजाइश छोड़ी गई थी
अदालत में दायर दस्तावेजों के मुताबिक, प्रिया कपूर ने अंतरिम आदेश के अनुच्छेद 79 के खंड (बी) और (डी) में बदलाव का अनुरोध किया है। 30 अप्रैल के फैसले में संजय कपूर की पर्सनल प्रॉपर्टीज़ और कॉर्पोरेट होल्डिंग्स के किसी भी लिक्विडेशन, ट्रांसफर या निपटान पर रोक लगा दी गई थी। हालांकि, बताया जा रहा है कि इस आदेश में उनके बच्चों से संबंधित आवश्यक दायित्वों को पूरा करने के लिए सीमित गुंजाइश छोड़ी गई थी।
समायरा और कियान कपूर की पढ़ाई के खर्चों के लिए पैसे मांगे
प्रिया कपूर ने अब अदालत से दिवंगत पति के भविष्य निधि खातों (ईपीएफ) से समायरा और कियान कपूर की पढ़ाई के खर्चों के उद्देश्यों के लिए ही पैसे निकालने की स्पष्ट अनुमति मांगी है। खबरों के मुताबिक, उनके कानूनी प्रतिनिधियों ने अदालत के सामने स्पष्ट किया कि इस धनराशि का उपयोग केवल स्कूल फीस और उनकी पढ़ाई-लिखाई के लिए किया जाएगा।
विवादित वसीयत के संबंध में आपत्तियां उठाई गई थीं
बता दें कि संजय कपूर के कथित तौर पर 30,000 करोड़ रुपये की सम्पत्ति से जुड़े विवाद में कपूर परिवार के कई सदस्य शामिल हैं, जिनमें प्रिया कपूर, करिश्मा कपूर के बच्चे और संजय की मां रानी कपूर शामिल हैं। जून 2025 में संजय कपूर के निधन के बाद, हाई कोर्ट ने उनकी घरेलू संपत्तियों को फ्रीज कर दिया, क्योंकि 2025 की एक विवादित वसीयत के संबंध में आपत्तियां उठाई गई थीं, जिसे परिवार के सदस्यों ने कथित तौर पर जाली बताया है।



