खबरमध्य प्रदेश

राष्ट्रीय हित की परियोजनाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देकर समय-सीमा से पूर्व पूर्ण करें :

एमपी ट्रांसको की राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक में प्रबंध संचालक सुनील तिवारी के निर्देश

भोपाल । मध्यप्रदेश शासन के उपक्रम मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) की राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक में प्रबंध संचालक सुनील तिवारी ने निर्देश दिए कि प्रदेश में क्रियान्वित राष्ट्रीय महत्व एवं राष्ट्रीय हित से जुड़ी सभी पारेषण परियोजनाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ निर्धारित समय-सीमा से पूर्व तथा उच्चतम गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि सिंहस्थ-2028 सहित प्रदेश में संचालित सभी पारेषण विस्तार एवं अधोसंरचना विकास कार्यों की नियमित एवं प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए, ताकि परियोजनाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण हो सकें।

मुख्यालय जबलपुर में आयोजित दो दिवसीय उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में
विभागाध्यक्षों एवं मुख्यालय व
फील्ड के अधीक्षण अभियंताओं को संबोधित करते हुए प्रबंध संचालक ने कहा कि मानसून के दौरान संभावित अतिवृष्टि एवं प्रतिकूल मौसम परिस्थितियों को देखते हुए राज्यभर में फैले 43 हजार सर्किट किलोमीटर से अधिक के ट्रांसमिशन नेटवर्क तथा 417 एक्स्ट्रा हाई टेंशन (ईएचटी) सबस्टेशनों के सुचारु संचालन एवं निर्बाध विद्युत पारेषण के लिए क्विक रिस्पांस टीमों को पूर्ण तत्परता की स्थिति में रखा जाए।

डिफॉल्टर वेंडर्स एवं ठेकेदारों पर होगी सख्त कार्रवाई–

प्रबंध संचालक ने निर्देश दिए कि वेंडर्स एवं ठेकेदारों के वैध और स्वीकृत बिलों का भुगतान निर्धारित समय-सीमा में सुनिश्चित किया जाए। भुगतान में अनावश्यक विलंब के लिए उत्तरदायी अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। वहीं, राष्ट्रीय महत्व की परियोजनाओं सहित अन्य के क्रियान्वयन में अनावश्यक विलंब या बाधा उत्पन्न करने वाले वेंडर्स एवं ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई भी की जाएगी।

साइबर सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा-

बैठक में भारत सरकार द्वारा पावर सेक्टर के लिए निर्धारित साइबर सुरक्षा दिशा-निर्देशों के अनुरूप कंपनी में किए जा रहे साइबर सुरक्षा उपायों की भी विस्तृत समीक्षा की गई। मुख्यालय एवं फील्ड इकाइयों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से आयोजित बैठक में ट्रांसमिशन लाइनों की स्थिति, ट्रिपिंग की घटनाएं, सबस्टेशनों के रखरखाव कार्य, ट्रांसफॉर्मरों एवं पारेषण लाइनों पर लोडिंग सहित विभिन्न तकनीकी एवं परिचालन विषयों की समीक्षा की गई। साथ ही कार्यस्थलों एवं वाहनों के उपयोग के दौरान सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

-आरडीएसएस अंतर्गत 152 फीडर बे कार्यों की प्रगति की समीक्षा-

प्रबंध संचालक ने पुनर्गठित वितरण क्षेत्र योजना (आरडीएसएस) के अंतर्गत एमपी ट्रांसको के विभिन्न सबस्टेशनों में निर्माणाधीन 33 केवी के 152 फीडर बे कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्हें निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त विभागीय क्रय प्रक्रियाओं में जेम पोर्टल के अधिकतम उपयोग, ई-ऑफिस प्रणाली के विस्तार तथा विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।

एमपी ट्रांसको की परंपरा के अनुरूप बैठक का शुभारंभ राष्ट्रीय गीत तथा समापन राष्ट्रीय गान के सामूहिक गायन के साथ किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button