खबरमध्य प्रदेश

राज्य वित्त आयोग 24 जून को करेगा, भोपाल संभाग के स्थानीय निकायों की समीक्षा

राज्य वित्त आयोग 24 जून, को भोपाल संभाग के दौरे पर रहेगा। आयोग नगरीय निकायों एवं पंचायती राज संस्थाओं की वित्तीय स्थिति, पारदर्शिता, गुणवत्ता तथा आर्थिक स्वावलंबन के संबंध में भोपाल के सांसद, विधायक तथा दोनों निकायों के जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ संभाग के अधिकारियों से भी सुझाव प्राप्त करेगा।

आयोग के अध्यक्ष, श्री जयभान सिंह पवैया, सदस्य श्री के. के. सिंह, पदेन सदस्य, श्री ऋषि गर्ग तथा सदस्य सचिव, श्री वीरेन्द्र कुमार संभाग के जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे। बैठक में नगरीय निकायों एवं पंचायती राज संस्थाओं को वित्तीय रूप से सुदृढ़, पारदर्शी और आत्मनिर्भर बनाने के उपायों पर चर्चा की जायेगी।

आयोग भोपाल संभाग के आयुक्त, भोपाल संभाग के जिलों के कलेक्टर, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत, नगर निगम आयुक्त एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर नगरीय निकायों और पंचायती राज संस्थाओं की वित्तीय स्थिति की विस्तृत समीक्षा करेगा।

बैठक में निकायों के मूल दायित्वों, स्वच्छता, पेय-जल, विकास कार्यों की गुणवत्ता तथा स्वयं के राजस्व स्त्रोतों में वृद्धि के उपायों पर विचार विमर्श किया जायेगा। इसके साथ ही नगरीय एवं पंचायत क्षेत्रों में संभावित नवाचारों पर भी चर्चा होगी।

जन प्रतिनिधियों से व्ही. आई.पी. सर्किट हाउस में 12:00 बजे से 1:00 बजे तक सुझावात्मक बैठक के बाद अपराह्न 3:00 बजे संभाग आयुक्त कार्यालय में अधिकारियों की वृहद समीक्षात्मक बैठक होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button