अध्यात्मखबरमध्य प्रदेश

विदिशा: रॉयल सिटी में ब्रह्माकुमारीज़ के नए केंद्र का भव्य उद्घाटन, शोभायात्रा में उमड़ा जनसैलाब

विदिशा। गंगा दशहरा के पावन अवसर पर स्थानीय रॉयल सिटी में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के नए सेवा केंद्र का भव्य और गरिमामय माहौल में उद्घाटन किया गया।
​आकर्षक झांकियों के साथ निकली भव्य शोभायात्रा
​पूर्व लायंस अध्यक्ष एवं अखिल भारतीय स्वर्णकार महासभा के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी लायन अरुण कुमार सोनी ने बताया कि इस पावन उपलक्ष्य पर एक विशाल शोभायात्रा का आयोजन किया गया। शोभायात्रा का शुभारंभ रॉयल सिटी स्थित श्री नारायण धाम मंदिर से हुआ, जो मुख्य मार्गों से होती हुई नव स्थापित ब्रह्माकुमारी सेंटर पहुंची।
​यात्रा में माँ अंबे जी की आकर्षक झांकी और भगवान भोलेनाथ की सजीव प्रस्तुति सभी के आकर्षण का केंद्र रही। भक्ति गीतों और गगनभेदी जयघोषों से पूरा वातावरण अध्यात्म के रंग में सराबोर हो गया। मार्ग में जगह-जगह नगर वासियों द्वारा पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का आत्मीय स्वागत किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु, मातृशक्ति, युवा और प्रबुद्ध जन शामिल हुए।
​व्यसनमुक्ति और सकारात्मक सोच का दिया संदेश
​उद्घाटन समारोह में नगर के अनेक गणमान्य नागरिकों सहित आम जन उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पधारे सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानपूर्वक अभिनंदन किया गया। इस दौरान समाज को नई दिशा देने के लिए कई महत्वपूर्ण संदेश दिए गए:
​आध्यात्मिक मूल्य व सकारात्मक सोच का संचार
​समाज में आपसी सद्भावना और भाईचारा
​व्यसनमुक्त और विकारमुक्त समाज का निर्माण
​अतिथियों का ईश्वरीय सौगात से सम्मान
​ब्रह्माकुमारी रीको भारती जी ने नव स्थापित केंद्र के सभी पदाधिकारियों का तिलक लगाकर और बैच पहनाकर स्वागत किया तथा उन्हें ईश्वरीय सौगात भेंट की। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि:
​”यह नया सेंटर इस क्षेत्र में आध्यात्मिक शिक्षा, नैतिक मूल्यों की पुनर्स्थापना और आत्मिक जागृति के प्रसार का एक प्रमुख केंद्र बनेगा, जिससे समाज में सकारात्मक बदलाव आएगा।”कार्यक्रम के पश्चात उपस्थित राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अखिल भारतीय स्वर्णकार महासभा लायन अरुण कुमार सोनी को बीके शकुंतला दीदी द्वारा ईश्वरी सौगात भेंट की गई एवं उनके उज्जवल भविष्य की कामना की गई।
​आभार और प्रसाद वितरण के साथ समापन
​कार्यक्रम के समापन पर ब्रह्माकुमार लोचन भाई ने उपस्थित सभी जनों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने आत्मा का परमात्मा से संबंध बताते हुए आध्यात्मिक रहस्यों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के अंत में सभी श्रद्धालुओं को पावन प्रसाद का वितरण किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button