खबर

दुबई से आया ‘डेथ कॉल’, प्रिंस खान के नाम पर कारोबारी से मांगी पांच करोड़ की रंगदारी

कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के नाम पर एक बार फिर रंगदारी की मांग की गयी है. इस बार गैंगस्टर के नाम पर राजधानी के व्यवसायी, हटिया के चांदनी चौक ओबरिया रोड निवासी उमाशंकर सिंह से पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गयी है. जिस नंबर से व्यवसायी के पास कॉल आया, वह दुबई का बताया जा रहा है. कॉल करनेवाले ने रंगदारी नहीं देने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी है. इस संबंध में व्यवसायी ने जगन्नाथपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है.

दुबई के नंबर से आया मैसेज और ऑडियो

पीड़ित ने पुलिस को बताया कि 24 जून की रात करीब 12:06 बजे उनके मोबाइल पर विदेशी नंबर (971545920432) से व्हाट्सएप मैसेज आया, जिसके बाद ऑडियो कॉल भी की गयी. मैसेज भेजनेवाले ने खुद को प्रिंस खान का आदमी बताते हुए पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी. रकम नहीं देने पर व्यवसायी की पत्नी संध्या सिंह, दोनों बेटों बिट्टू और बिंदु तथा भतीजे टुकटुक की हत्या करने की धमकी दी. व्यवसायी ने व्हाट्सएप चैट और ऑडियो कॉल के स्क्रीनशॉट साक्ष्य के रूप में पुलिस को सौंपे हैं.

रेकी कर भेजा गाड़ी का नंबर और दिनचर्या का शेड्यूल

इस मामले की सबसे चौंकानेवाली बात यह है कि अपराधियों के पास कारोबारी की पल-पल की जानकारी है. भेजे गये मैसेज में कारोबारी के वाहनों का पूरा विवरण, उनके कारोबार के ठिकानों का जिक्र किया गया है. यहां तक कि उमाशंकर सिंह कब मंदिर जाते हैं, उसका तय समय और रूट चार्ट भी भेजा गया है. घटना के बाद व्यवसायी ने आशंका जतायी है कि कोई करीबी या स्थानीय लाइनर अपराधियों के लिए रेकी कर रहा है और घर की छोटी-छोटी जानकारियां दुबई में बैठे गैंग तक पहुंचा रहा है. पीड़ित ने बताया कि इसके बाद भी लगातार फोन और मैसेज आ रहे हैं. अपराधियों के पास उनकी हर गतिविधि की जानकारी होने के कारण पूरा परिवार खौफ में है. डर के कारण घर से निकलना भी मुश्किल हो गया है. पीड़ित का कहना है कि गुरुवार और शुक्रवार को भी उनके पास धमकी भरे फोन और मैसेज आये हैं.

राहुल सिंह गैंग भी पहले दे चुका है धमकी

यह पहली बार नहीं है, जब इस व्यवसायी परिवार को निशाना बनाया गया है. इससे पहले भी राहुल सिंह गैंग द्वारा व्यवसायी से रंगदारी मांगी गयी थी. पैसे नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी गयी थी, जिसके बाद 19 अक्तूबर, 2025 को जगन्नाथपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी थी. पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए उन्हें और उनके परिवार को तत्काल सुरक्षा उपलब्ध करायी जाये. साथ ही, अपराधियों तक घर की गोपनीय जानकारी पहुंचाने वाले ‘भेदी’ की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जाये. इधर, पुलिस का कहना है कि व्यवसायी और उनके परिवार को जल्द ही सुरक्षा उपलब्ध करायी जायेगी.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button