खबर

पाकिस्तान में शांति रैली के दौरान आत्मघाती हमला; 14 की मौत, 12 से ज्यादा घायल; जांच में जुटी पुलिस

पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी प्रांत खैबर पख्तूनख्वा के स्वात जिले में रविवार को एक शांति रैली के दौरान हुए भीषण विस्फोट में कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई, इसमें पांच सुरक्षाकर्मी भी शामिल हैं। इस धमाके में 12 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। अधिकारियों के मुताबिक, धमाके के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जिला प्रशासन के अनुसार, यह विस्फोट स्वात जिले के कबाल कस्बे में उस समय हुआ, जब स्वात पीस रैली निकाली जा रही थी। रैली में बड़ी संख्या में लोग शामिल थे, जो क्षेत्र में शांति बहाल करने और बिगड़ती सुरक्षा स्थिति के खिलाफ आवाज उठा रहे थे।आत्मघाती हमला होने की आशंका
स्वात पुलिस ने शुरुआती जानकारी के आधार पर बताया कि विस्फोट में कम से कम 14 लोगों की मौत हुई है और 12 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हैं। सूत्रों का कहना है कि धमाका आत्मघाती हमला हो सकता है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है। जांच एजेंसियां घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही हैं।शांति की मांग के लिए निकाली गई थी रैली
यह रैली स्वात अमन जिरगा की ओर से आयोजित की गई थी। रैली में शामिल लोग हाथों में तख्तियां लेकर और नारे लगाकर क्षेत्र में शांति बहाल करने की मांग कर रहे थे। पिछले कुछ महीनों में स्वात और आसपास के इलाकों में सुरक्षा हालात बिगड़ने की घटनाएं सामने आई हैं, जिसके विरोध में यह रैली निकाली गई थी।

घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया
धमाके के तुरंत बाद राहत और बचाव दल मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया। पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके को घेर लिया है और साक्ष्य जुटाने का काम शुरू कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि विस्फोट के कारणों और इसके पीछे जिम्मेदार लोगों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। फिलहाल किसी भी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button