जिले के सायरा थाना क्षेत्र के पुनावली गांव में घर के अंदर एक बक्से से बुजुर्ग पति-पत्नी के शव मिलने से सनसनी फैल गई। दोनों पिछले दो दिनों से लापता थे। शव प्लास्टिक की थैलियों में लिपटे हुए थे और बक्से के ऊपर बिस्तर रखा हुआ था। पुलिस ने प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई है।
बक्से से आई बदबू तो खुला खौफनाक राज
थाना अधिकारी शैतान सिंह नाथावत ने बताया कि मृतकों की पहचान पुनावली निवासी लहरी लाल पालीवाल (65) और उनकी पत्नी राधा देवी (62) के रूप में हुई है। आशंका है कि मंगलवार देर रात अज्ञात बदमाशों ने दोनों की हत्या कर शवों को प्लास्टिक की थैलियों में भरकर घर में रखे बक्से में बंद कर दिया। इसके बाद बक्से के ऊपर बिस्तर रख दिए गए, ताकि किसी को घटना का पता न चले
दूध देने नहीं पहुंचे तो पड़ोसी को हुआ शक
लहरी लाल दूध बेचने का काम करते थे। बुधवार सुबह जब वे दूध देने नहीं पहुंचे तो पड़ोसी को शक हुआ। वह उनके घर पहुंचा तो दरवाजा खुला था, लेकिन अंदर पति-पत्नी दोनों नहीं मिले। इसके बाद पड़ोसियों ने राजकोट, गुजरात में नौकरी कर रहे उनके बेटे मनोहर को सूचना दीमनोहर ने रिश्तेदारों को फोन कर माता-पिता की तलाश करने को कहा। काफी तलाश के बाद भी दोनों का पता नहीं चला। इसके बाद मनोहर सायरा पहुंचा और पुलिस में माता-पिता के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई।
मंगलवार रात बेटे से हुई थी मां की बात
मृतक दंपती के बेटे मनोहर ने बताया कि मंगलवार रात उसकी अपनी मां राधा देवी से फोन पर बात हुई थी। बातचीत के बाद दोनों सो गए थे। बुधवार सुबह पता चला कि माता-पिता घर पर नहीं हैं। इसके बाद उनकी तलाश शुरू की गई।
शुक्रवार सुबह बक्से से निकली तेज बदबू
शुक्रवार सुबह घर में बदबू आने पर परिजनों और रिश्तेदारों ने दोबारा तलाशी ली। बक्से की तरफ से तेज बदबू आने पर उसे खोला गया। अंदर प्लास्टिक की थैलियों में दोनों के शव मिले। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की।
पहले थाने का घेराव, अब गांव में दहशत
बुजुर्ग दंपती के लापता होने के बाद गुरुवार को ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया था। ग्रामीणों ने सायरा थाने का घेराव कर प्रदर्शन किया और पुलिस से दोनों को जल्द तलाशने की मांग की थी। अब दोनों के शव मिलने के बाद गांव में तनाव और दहशत का माहौल है।हत्या की वजह और आरोपियों की तलाश
पुलिस ने संदिग्ध लोगों और आसपास के पड़ोसियों से पूछताछ शुरू कर दी है। हत्या के पीछे क्या वजह रही और वारदात में कौन शामिल है, इसका पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ही पुलिस मामले के हर पहलू की जांच में जुटी है।

।