खबर

मानस ने की एक के बाद एक दो हत्याएं, जिस ऑटो से पत्नी के साथ आया उसी से गोली मारकर वापस लौटा

गोमतीनगर के हुसड़िया निवासी मानस बाजपेयी ने पत्नी दिव्या की गोली मारकर हत्या करने के बाद व्हाट्सऐप पर स्टेटस लगाया। स्टेटस अंग्रेजी में लिखा था। इसमें लिखा था कि, “आज मैंने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है, क्योंकि उसने मुझे धोखा दिया। अब मुझे खुद और बहन को मारना होगा… पत्नी की बहन प्रज्ञा और भरत सब जानते हैं।मानस के मकान में ओम फास्ट फूड सेंटर एंड ईटिंग प्वाइंट नाम से रेस्टोरेंट चलाने वाले लवकुश ने बताया कि पत्नी की हत्या करने के बाद जब मानस घर पहुंचा तो वह काफी परेशान लग रहा था। उसके माथे पर पसीना था। लवकुश कुछ बोलते, उससे पहले मानस ने उनका हालचाल पूछा। लवकुश ने सब ठीक होने की बात कही। इसके बाद लवकुश ने मानस से पूछा, “क्या भैया, सब ठीक है? आप परेशान लग रहे हैं।” इस पर मानस ने जवाब दिया, “कुछ नहीं, ऑफिस की टेंशन है।” इतना कहकर वह अंदर चला गया और दरवाजा बंद कर लिया।

लवकुश ने बताया कि उनके एक साथी शरद ने सबसे पहले मानस के मोबाइल फोन पर लगा स्टेटस देखा और उन्हें फोन किया। शरद की बात सुनते ही लवकुश ने मानस के घर का दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इस बीच मानस के मामा का बेटा भी स्टेटस देखकर मौके पर पहुंच गया। देखते ही देखते लोगों की भीड़ जमा हो गई। लवकुश ने बताया कि वह छत पर पहुंचे तो वहां भी दरवाजा बंद था। इसके बाद लोगों की मदद से घर का दरवाजा तोड़ा गया। अंदर कमरे में मानस और तुलिका मृत पड़े थे। तुलिका के माथे पर गोली लगी थी, जबकि मानस की बाईं कनपटी पर गोली का निशान था।

ऑटो चालक की तलाश में जुटी पुलिस

एडीसीपी पूर्वी अमोल मुर्कुट ने बताया कि अब तक की जांच में पता चला है कि मानस पत्नी दिव्या के साथ ऑटो से बैंक गया था। ऑटो से उतरने के बाद वह बैंक के बाहर खड़ा हो गया। पत्नी की गोली मारकर हत्या करने के बाद आरोपी उसी ऑटो से हुसड़िया चौराहे स्थित अपने घर पहुंचा। अब पुलिस उस ऑटो चालक के बारे में जानकारी जुटा रही है। पुलिस पूरे रूट पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।

कहां से आए तीन असलहे, पुलिस जांच में जुटी
पत्नी और बहन की गोली मारकर हत्या करने के बाद खुद को गोली मारकर जान देने वाले मानस के घर से पुलिस को एक तमंचा और दो पिस्टल मिली हैं। अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि मानस के पास ये तीनों असलहे कहां से आए। एडीसीपी पूर्वी ने बताया कि मानस के पास शस्त्र लाइसेंस नहीं था। यह तय है कि या तो उसने तीनों असलहे खरीदे थे या किसी जानने वाले से लिए थे। एडीसीपी के मुताबिक, इस पूरी घटना के संबंध में अभी कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। आवश्यकता पड़ने पर आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर विवेचना की जाएगी कि मानस के पास असलहे कहां से और कब आए।

घर से मिले चार मोबाइल, मिल सकती हैं अहम जानकारियां
इंस्पेक्टर गोमतीनगर ने बताया कि मानस के घर से पुलिस को चार मोबाइल फोन मिले हैं। सभी मोबाइल फोन लॉक हैं। बरामद मोबाइल फोन को फॉरेंसिक जांच के लिए लैब भेजा जा रहा है। एफएसएल लॉक मोबाइल फोन से डाटा एक्सट्रैक्ट कर सकती है, जिससे इस बात का पता चल सकता है कि मानस किन-किन लोगों से बातचीत करता था। साथ ही पत्नी की हत्या से पहले और बाद में उसने किन लोगों से संपर्क किया था, इसकी भी जानकारी मिल सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button