खबर

मालिक छेड़ता है’: ग्रेनो में 10वीं मंजिल से गिरकर मोनिका की मौत, फटे हुए थे कपड़े; परिवार नहीं देख सका लाश

ग्रेटर नोएडा सेक्टर-142 थाना क्षेत्र की एक सोसाइटी की 10वीं मंजिल से 20 वर्षीय युवती की गिरने से संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजन ने मामले में हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

तीन साल से आया का काम करती थी मोनिका

सेक्टर-168 में रहने वाली मोनिका पिछले तीन साल से सेक्टर 137 की सोसाइटी गुलशन विवांता में बच्चे की देखभाल करने वाली आया (नैनी) के रूप में काम कर रही थी। शुक्रवार की रात करीब साढ़े आठ बजे पुलिस के फोन से सूचना मिली कि मोनिका ने बिल्डिंग से कूदकर आत्महत्या कर ली है।

परिवार को सोसाइटी के अंदर जाने से रोका
मृतका के परिजन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन उन्हें सोसाइटी के अंदर तक जाने नहीं दिया गया। बार-बार गुहार लगाने के बावजूद न तो शव दिखाया गया और न ही स्पष्ट बताया गया कि शव को कहां ले जाया जा रहा है।

परिवार का आरोप- पुलिस ने की बदसलूकी
परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने बिना बताए एम्बुलेंस मंगवाकर शव को सोसाइटी से बाहर भेज दिया, जिसे रोकने की कोशिश परिवार के सदस्यों ने की, लेकिन असफल रहे। देर रात बताया गया कि शव पोस्टमार्टम के लिए सेक्टर-94 शवगृह भेजा गया है। जहां भी सुबह तक शव नहीं दिखाया गया। परिवार ने पुलिस पर बदसलूकी करने और गिरफ्तारी की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।

मोनिका ने बताया था- मालिक करता है छेड़छाड़
शिकायत में सबसे गंभीर आरोप यह लगाया गया है कि मोनिका ने घर पर बताया था कि फ्लैट मालिक ने उसके साथ तीन-चार बार छेड़छाड़ और अभद्र व्यवहार किया था। जिसकी जानकारी उसने मालकिन को भी दी थी। इससे नाराज होकर मोनिका एक बार काम छोड़कर घर वापस भी आ गई थी, लेकिन मालकिन के मनाने पर वह दोबारा काम पर लौट गई। 20 अगस्त को मोनिका को एक फोन कॉल आने के बाद वह अचानक विचलित दिखी, लेकिन इसके बावजूद वह उसी दिन दोपहर करीब डेढ़ बजे फिर से काम पर लौट गई थी। परिजनों ने आशंका जताई है कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या है।

फटे हुए थे मोनिका के कपड़े
शव की तस्वीरों में मोनिका के कपड़े फटे हुए नजर आए। जिससे शारीरिक शोषण की आशंका और गहरी हो गई है। शिकायतकर्ता जगत सिंह ने थाना प्रभारी से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच हो। आरोपी दंपती को तत्काल गिरफ्तार किया जाए। फ्लैट को सील कर फोरेंसिक जांच कराई जाए ताकि सबूतों से छेड़छाड़ न हो सके।घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश
फिलहाल पुलिस की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर आक्रोश देखा जा रहा है। वहीं पुलिस का कहना है कि पुलिस मृतका के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम हेतु भेजा गया है। अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button