ग्रेनो में दुष्कर्म का आरोपी ढेर: पहले भी मासूमों से कर चुका दरिंदगी, गाजियाबाद में भी किया था घिनौना कांड

ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र के एक गांव में छह वर्षीय बच्ची के अपहरण, दुष्कर्म और हत्या के मामले में शनिवार को पुलिस ने आरोपी बलराज (32) को मुठभेड़ में मार गिराया। पुलिस के अनुसार आरोपी से अवैध पिस्टल बरामद कराने के लिए पुलिस टीम उसे लेकर गई थी। हथियार निकालते ही उसने पुलिसकर्मियों पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। इस दौरान एक कांस्टेबल को गोली लगी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी को लगी। गंभीर हालत में उसे नोएडा के जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।पुलिस उपायुक्त ग्रेटर नोएडा शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि 28 अगस्त की रात हल्दौनी गांव निवासी एक व्यक्ति ने ईकोटेक-3 थाने में सूचना दी कि उसकी छह वर्षीय बेटी घर से लापता हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर बच्ची की तलाश शुरू कर दी। पुलिस की पांच टीमों को बच्ची की तलाश में लगाया गया। टीमों ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य माध्यमों से जांच आगे बढ़ाई। जांच के दौरान पुलिस को बलराज नामक व्यक्ति पर शक हुआ। पुलिस के मुताबिक आरोपी बच्ची को अगवा कर अपने साथ ले गया था। आरोप है कि बच्ची के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या कर शव को बोरे में भरकर फेंक दिया गया। पुलिस ने शव बरामद कर डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बच्ची के साथ दुष्कर्म की पुष्टि होने की बात पुलिस ने कही है।पिस्टल बरामद कराने के दौरान फायरिंग
पुलिस के अनुसार शनिवार को आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने अपने पास अवैध पिस्टल होने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस टीम उसे हथियार बरामद कराने के लिए बताए गए स्थान पर लेकर पहुंची। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने छिपाई गई पिस्टल निकाली और अचानक पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। उसकी गोली एक कांस्टेबल को लगी, जिससे वह घायल हो गया। पुलिसकर्मियों ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। इस दौरान पुलिस की गोली बलराज को लगी। गंभीर रूप से घायल आरोपी को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घायल कांस्टेबल का उपचार कराया जा रहा है।कई बच्चों से अपराध के मामले दर्ज
पुलिस के मुताबिक जांच में आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी सामने आई है। पुलिस का दावा है कि बलराज के खिलाफ मासूम बच्चों के साथ दुष्कर्म और हत्या के कई मामले पहले से दर्ज थे। लोनी, गाजियाबाद में भी उस पर एक बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या का मामला दर्ज हुआ था, जिसमें उसे सजा भी हुई थी। इसके अलावा सूरजपुर थाना क्षेत्र में भी एक बच्चे के साथ कुकर्म कर उसकी हत्या करने का आरोप उस पर लगा था। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ बच्चों के साथ यौन अपराध और हत्या से जुड़े कई मुकदमे दर्ज रहे हैं। वहीं ग्रामीणों ने आरोपी को बेहद खतरनाक और आपराधिक प्रवृत्ति का बताया। ग्रामीणों का दावा है कि वह पशुओं के साथ भी अप्राकृतिक यौनाचार करता था।




