खबरखेलमध्य प्रदेश

योगासन चैंपियनशिप में आरएनटीयू के विद्यार्थियों का शानदार प्रदर्शन, एक गोल्ड और दो कांस्य पदक किए अपने नाम, 200 से अधिक खिलाड़ियों ने लिया भाग

आरएनटीयू एवं मध्य प्रदेश योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में जिला योगासन चैंपियनशिप का आयोजन

भोपाल। रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय (RNTU) एवं मध्य प्रदेश योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन (MPYSA) के संयुक्त तत्वावधान में भोपाल जिला योगासन चैंपियनशिप का आयोजन उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में किया गया। जिला स्तरीय इस प्रतियोगिता में 200 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लेकर योगासन खेल में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में विभिन्न वर्गों के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। आयोजन का उद्देश्य युवाओं एवं विद्यार्थियों में योगासन खेल के प्रति रुचि विकसित करने, प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को मंच प्रदान करने तथा योगासन को खेल के रूप में अधिक व्यापक स्तर पर बढ़ावा देना रहा।

प्रतियोगिता में आरएनटीयू के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कुल तीन पदक प्राप्त किए। नम्रता यादव ने स्वर्ण पदक, जबकि जतिन एवं नैना कुमार ने कांस्य पदक अर्जित किया। स्वर्ण पदक विजेता नम्रता यादव का चयन आगामी राज्य स्तरीय योगासन चैंपियनशिप के लिए किया गया है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भोपाल के पूर्व डीआईजी उपस्थित रहे। अपने उद्बोधन में उन्होंने अपने जीवन में योग की भूमिका एवं योग से प्राप्त लाभों के अनुभव साझा करते हुए खिलाड़ियों एवं विद्यार्थियों को नियमित रूप से योग को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि आरएनटीयू की रजिस्ट्रार डॉ. संगीता जौहरी ने भी योग, शोध एवं व्यक्तिगत जीवन में योग के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने योग के क्षेत्र में शोध एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर चर्चा करते हुए बताया कि योग का प्रभाव केवल शारीरिक स्वास्थ्य तक सीमित नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने अपने जीवन में योग से जुड़े अनुभव भी साझा किए। डॉ. संगीता जोहरी ने कहा कि आरएनटीयू एवं आईसेक्ट ग्रुप द्वारा भविष्य में भी योग एवं योगासन खेलों को निरंतर सहयोग एवं समर्थन प्रदान किया जाता रहेगा, ताकि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर अवसर मिल सकें और योगासन खेल को आगे बढ़ाने में विश्वविद्यालय की सक्रिय भूमिका बनी रहे।

इस अवसर पर आरएनटीयू योग विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. रत्नेश पांडेय भी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने प्रतियोगिता में शामिल सभी खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया। उन्हें निरंतर अभ्यास और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के प्रमुख एवं मध्य प्रदेश योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन के प्रमुख सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी वेदप्रकाश शर्मा ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए योगासन खेल को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।

आरएनटीयू के विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर अखिलेश विश्वकर्मा, सहायक प्राध्यापक, योग विभाग, आरएनटीयू ने सभी विजेता विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि निरंतर अभ्यास, अनुशासन एवं समर्पण के माध्यम से विद्यार्थी योगासन खेल के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां प्राप्त कर सकते हैं। आरएनटीयू की ओर से प्रतियोगिता में कोच के प्रतिनिधि के रूप में निखिल मोदी ने सहभागिता करते हुए विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों का प्रतिनिधित्व एवं मार्गदर्शन किया।

कार्यक्रम का संचालन दीपक जैन द्वारा किया गया। उन्होंने कार्यक्रम को व्यवस्थित रूप से संचालित करने के साथ ही उपस्थित अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत किया। कार्यक्रम के अंत में राजू कस्तवार द्वारा सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, आयोजकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button