राधा-कृष्ण के मनमोहक रूप में नन्हे-मुन्नों ने बिखेरी भक्ति और संस्कारों की छटा

भोपाल। जन्माष्टमी के पावन पर्व के अवसर पर बरखेड़ीकलां स्थित शारदा विद्या मंदिर विद्यालय परिसर में फैंसी ड्रेस कार्यक्रम का भव्य एवं मनमोहक आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नन्हे-मुन्ने बच्चे राधा, कृष्ण की बाल लीलाओं से जुड़े विभिन्न स्वरूपों में सजे-धजे नजर आए। बच्चों की आकर्षक वेशभूषा और मनमोहक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, उनके बाल स्वरूप तथा बाल लीलाओं से जुड़ी रोचक एवं ज्ञानवर्धक जानकारियाँ साझा कीं। बच्चों ने कृष्ण जी से जुड़ी चीजों जैसे गायों की रक्षा, मटकी फोड़, माखन मिश्री, बांसुरी, मोरपंख, गोवर्धन पर्वत आदि पर जानकारी दी। किसी ने नटखट कान्हा का रूप धारण कर माखन चोरी की लीला प्रस्तुत की, तो किसी ने राधा के रूप में अपनी सुंदर प्रस्तुति से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। बच्चों को राधा-कृष्ण के रूप में सजा-धजा देखकर और उनकी आत्मविश्वास से भरपूर प्रस्तुतियों से विद्यालय परिसर कृष्णमय हो उठा।
कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं एवं पर्वों से परिचित कराने के साथ-साथ उनमें रचनात्मकता, आत्मविश्वास और संस्कारों का विकास करना था। बच्चों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ कार्यक्रम में सहभागिता की। यूं तो कार्यक्रम जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया था, परंतु इसमें पर्यावरण संरक्षण को भी जोड़ दिया गया, क्योंकि श्रीकृष्ण का जीवन भी पर्यावरण और प्रकृति की रक्षा से जुड़ा रहा है।
बच्चों के अभिभावकों ने कार्यक्रम की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने के साथ उनकी प्रतिभा को निखारने और उन्हें पर्यावरण एवं प्रकृति को प्रदूषण से बचाए रखने का भी महत्वपूर्ण माध्यम हैं। अभिभावकों ने विद्यालय द्वारा किए गए इस सुंदर एवं सार्थक आयोजन के लिए विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों की सराहना की। कार्यक्रम का समापन हर्षाेल्लास एवं भक्तिमय वातावरण में हुआ।




