सेवा संकल्प अभियान के तहत भोपाल में चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित
जनप्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों का किया उत्साहवर्धन, प्रतिभाओं को वितरित किए प्रमाण पत्र

भोपाल, 21 सितंबर। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के लोकसेवक के रूप में 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा देशभर में चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत भोपाल जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के शासकीय विद्यालयों में ‘सेवा चित्र–मेरे सपनों का भारत’ चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए चित्रों और भाषणों के माध्यम से विकसित भारत को लेकर अपनी कल्पनाओं और विचारों को प्रस्तुत किया।
भोपाल सांसद श्री आलोक शर्मा ने शासकीय सरोजिनी नायडू कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित प्रतियोगिता में सहभागिता कर विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र वितरित किए और उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की कल्पनाशीलता और उनके विचार ही देश के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला हैं। विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ राष्ट्र निर्माण, सामाजिक जिम्मेदारी और सेवा के भाव को अपने जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी श्री अभिनव आर्य, क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती शिखा गोहल, भाजपा जिला मंत्री श्री राकेश कुकरेजा, विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण एवं छात्राएं उपस्थित रहीं। श्री शर्मा ने एनसीसी छात्राओं के साथ पौधारोपण भी किया।
भाजपा जिला अध्यक्ष श्री रविंद्र यति ने शासकीय राजा भोज उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, 1100 क्वार्टर, अरेरा कॉलोनी में आयोजित चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें प्रमाण पत्र वितरित किए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति, रचनात्मकता और विकसित भारत के प्रति सकारात्मक सोच को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष श्री राजकुमार विश्वकर्मा, जिला मंत्री श्री पार्थ पाटीदार, क्षेत्रीय पार्षद श्री अरविंद वर्मा, श्री कुलदीप नामदेव, उप प्राचार्या श्रीमती ऊषा गोयल सहित शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोटरा में आयोजित प्रतियोगिता में पूर्व राज्यपाल एवं वरिष्ठ भाजपा नेता श्री कप्तान सिंह सोलंकी ने विद्यार्थियों को प्रेरक उद्बोधन दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य श्री मनीष कुमार रोहितास, भाजपा जिला उपाध्यक्ष श्री अश्विनी राय, मंडल अध्यक्ष श्री मुकेश देहाड़े, क्षेत्रीय पार्षद प्रत्याशी श्रीमती प्रतीक्षा ब्रह्मभट्ट, मंडल पदाधिकारी, शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
इसी क्रम में भोपाल जिले की सभी विधानसभा क्षेत्रों में भी चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। नरेला विधानसभा में मध्यप्रदेश शासन के मंत्री श्री विश्वास सारंग, गोविंदपुरा विधानसभा में मंत्री श्रीमती कृष्णा गौर, दक्षिण-पश्चिम विधानसभा में विधायक श्री भगवानदास सबनानी, हुजूर विधानसभा में विधायक श्री रामेश्वर शर्मा तथा मध्य विधानसभा में पूर्व विधायक श्री ध्रुव नारायण सिंह ने कार्यक्रमों में सहभागिता कर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया तथा प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए।
भाजपा जिला अध्यक्ष श्री रविंद्र यति ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के 25 वर्षों के जनसेवा एवं राष्ट्रसेवा के संकल्प और कार्यों से समाज के प्रत्येक वर्ग को जोड़ने के उद्देश्य से भोपाल जिले में विभिन्न सेवा एवं जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता इसी श्रृंखला का महत्वपूर्ण आयोजन है। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों ने ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और विकसित भारत के प्रति अपने विचारों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।



