खबर

दिल्ली में चार मंजिला इमारत ढही: महिला और उसके गर्भ में पल रहे बच्चे समेत तीन की मौत; आठ घायल, रेस्क्यू जारी

उत्तर-पूर्वी दिल्ली के न्यू सीमापुरी स्थित ईदगाह मछली मंडी के पास बुधवार दोपहर एक जर्जर चार मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के समय मकान में मौजूद और आसपास से गुजर रहे आठ लोग मलबे की चपेट में आ गए। हादसे में एक 3 साल के मासूम और 7 अन्य लोगों को घायल अवस्था में अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि डॉक्टरों ने 3 वर्षीय अब्दीम को मृत घोषित कर दिया। समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, हादसे में एक गर्भवती महिला और उसके गर्भ में पल रहे बच्चे की भी मौत हो गई है। वहीं घायलों की पहचान 34 वर्षीय छोटे, 32 वर्षीय अब्दूल, 55 वर्षीय मोमीन मिर्जा, 54 वर्षीय सलमा, 29 वर्षीय दबरुद्दीन, 30 वर्षीय समद और 45 शकीरा बीबी के तौर पर हुई है। हादसे में आसपास की एक इमारत और मस्जिद की चहारदीवारी को भी नुकसान पहुंचा हैहादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, दिल्ली अग्निशमन सेवा, एमसीडी, डीडीएमए और एनडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंच गईं। स्थानीय पुलिस और दमकल की टीमें करीब 15 से 20 मिनट में घटनास्थल पर पहुंच गई थीं। इसके बाद एनडीआरएफ ने भी राहत एवं बचाव अभियान संभाल लिया। मलबे को हटाने के साथ आसपास के हिस्से को खाली कराया गया और देर तक यह जांच चलती रही कि कहीं कोई व्यक्ति मलबे में फंसा तो नहीं है।

बताया गया कि मंगलवार रात आए भूकंप के बाद मकान में कई जगह दरारें आ गई थीं। इसे देखते हुए मकान मालिक ने इमारत खाली कराने की तैयारी शुरू कर दी थी। हालांकि, यह प्रक्रिया पूरी हो पाती, उससे पहले ही बुधवार दोपहर करीब 3:10 बजे मकान का अगला हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया। कुछ ही पलों में पूरा ढांचा मलबे में तब्दील हो गया। हादसे के बाद इलाके में जर्जर इमारतों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल राहत और बचाव टीमों का ध्यान मलबा पूरी तरह हटाने और किसी अन्य व्यक्ति के दबे होने की आशंका को खत्म करने पर है।

पांच घायलों के सिर में चोट
मलबे से निकाले गए आठ घायलों को एंबुलेंस के जरिए जीटीबी अस्पताल की आपातकालीन सेवा में पहुंचाया गया। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, इनमें सात मरीज 20 से 25 वर्ष की उम्र के हैं, जबकि एक तीन साल का बच्चा है। प्राथमिक जांच के बाद सभी घायलों को चोट के अनुसार अलग-अलग विभागों में भर्ती किया गया है। अस्पताल के मुताबिक, पांच घायलों के सिर में चोट आई है और उनका इलाज न्यूरोसर्जरी विभाग में चल रहा है। वहीं, तीन घायलों को हड्डियों से जुड़ी चोटें होने के कारण ऑर्थोपेडिक विभाग में भर्ती किया गया है। डॉक्टरों की टीम सभी मरीजों की लगातार निगरानी कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button