देवरिया में छठ पूजा की खुशियां मातम में बदलीं, मिट्टी निकालते समय ताल में डूबकर युवक की मौत

देवरिया जिले के मदनपुर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह छठ महापर्व के अवसर पर सिंगही ताल के घाट पर एक युवक की पैर फिसलने से गहरे पानी में डूबकर मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, मदनपुर थाना क्षेत्र के नैपुर गांव निवासी रामप्रताप (32) रविवार सुबह प्राथमिक विद्यालय के पश्चिम में स्थित सिंगही ताल से छठ पूजा की वेदी बनाने के लिए मिट्टी निकाल रहा था तभी अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में डूब गया।
ताल के पास मौजूद कुछ युवकों ने शोर मचाया तो ग्रामीण मौके पर पहुंचे और रामप्रताप को ताल से बाहर निकाला। इसके बाद उसे मदनपुर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मदनपुर थाना प्रभारी नंदा प्रसाद ने बताया कि चिकित्सकों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मुर्दाघर में रखवा दिया है




