सर्वधर्म समभाव का द्योतक है गायत्री मंत्र

विदिशा। गायत्री मंत्र सर्वधर्म समभाव का द्योतक है, जिसमें परमात्मा से सभी के कल्याण के लिए सद्बुद्धि देने की प्रार्थना की गई है। यह बात मां हॉस्पिटल सभागार में गायत्री सुमिरन मंच और जिला सर्वोदय संघ द्वारा सर्वधर्म सद्भाव पर आयोजित एक संगोष्ठी में गायत्री प्रज्ञापीठ प्रमुख मुकेश श्रीवास्तव ने कही।
उन्होंने गायत्री परिवार के प्रवर्तक श्री राम शर्मा के तपोनिष्ठ जीवन, गांधीजी से मुलाकात, स्वतंत्रता आंदोलन में सहभागिता, फिर हिमालय में आध्यात्मिक गुरु से भेंट और उनकी प्रेरणा से मथुरा में अखंड ज्योति की स्थापना, 24 करोड़ गायत्री मंत्र के पुरश्चरण, बाद में हरिद्वार में अंतरराष्ट्रीय गायत्री परिवार की स्थापना और नशामुक्ति, पर्यावरण रक्षा, नारी शक्ति जागरण आदि पंच महाभियानों पर प्रकाश डाला।
उन्होंने बताया कि यद्यपि गायत्री परिवार में गायत्री की देवी स्वरूप में आराधना होती है, परंतु आचार्य ने बहुदेव उपासना, मां-बहनों के प्रति आदर, पर्यावरण रक्षा और अंतःकरण की निर्मलता तथा मनुष्यत्व में देवत्व की अवधारणा पर जोर दिया है। सभी को गायत्री उपासना का अधिकार है।
संगोष्ठी को गायत्री सुमिरन मंच के प्रणेता डॉ. सुरेश गर्ग, लायन अरुण कुमार सोनी, डॉ. परमानंद मिश्रा, जयंत, प्रकाश शर्मा, हीरालाल आचार्य ने भी संबोधित किया। इसके पूर्व सर्वोदय संघ के जिलाध्यक्ष प्रो. अरविंद द्विवेदी ने सर्वधर्म प्रार्थना का गायन कराया। संगोष्ठी का संचालन प्रो. के.के. पंजाबी ने किया। कार्यक्रम के प्रारंभ में प्रदीप जैन पारस द्वारा गांधी जी के प्रिय भजन वैष्णव जन तो तेने कहिए का गायन किया।प्रकाश सोनकर और साथियों ने सर्वधर्म समभाव केंद्रित प्रेरक गीत-संगीत प्रस्तुत किया।
संगोष्ठी में कमलेश दुबे, भूपेंद्र, आशुतोष मोहेड़, तेजनारायण गर्ग, राजेश, राजकुमार प्रजापति, डॉ. कुसुम गर्ग, डॉ. सचिन श्रीवास्तव, पुरुषार्थक, राजकुमार, हरगोविंद मेथिल, श्रीमती पोरवाल, गार्गी, राकेश श्रीवास्तव, हरीश, कुसुम, मीना, मुकेश कुशवाह, मोहित पुरी, पारस जैन, श्रीमती आचार्य, रश्मि, पत्रकार अशोक श्रीवास्तव, श्री पटेरिया सहित अनेक प्रबुद्धजनों ने सहभागिता की।



