खबर

दिल्ली में कैसे गिरा मकान?: हादसे के लिए ट्रेन जिम्मेदार! अब तक चार साल के बच्चे समेत दो की मौत; पांच घायल

दिल्ली के शाहदरा जिले के विवेक विहार स्थित ज्वाला नगर में मंगलवार सुबह एक दो मंजिला पुराना और जर्जर मकान जमींदोज हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस व दमकल विभाग को सूचना देने के बाद पड़ोसी बचाव में जुट गए। बाद में रेस्क्यू टीम भी मौके पर पहुंच गई। मलबे से एक चार साल के बच्चे समेत कुल सात लोगों को निकाला गया।

मृतक-घायलों की पहचान
अस्पताल ले जाने पर देवांश उर्फ लड्डू (4) और पिंटू (35) को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं घायल हुए अमन उर्फ डब्बा (18) पिंटू का छोटा भाई विकाश उर्फ विकेश (32), आकाश (25), दिलीप उर्फ डिंपा (22) और देवांश की मां खुशबू (27) को डॉ. हेडगेवार अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यहां सभी का उपचार चल रहा है।
ट्रेन के गुजरने से मकान में होती थी कंपन
शुरुआती जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि करीब 25 से 30 गज के मकान की छत को गाटर-पटिया से बनाया गया था। मकान 40 साल से अधिक पुराना होने के अलावा रेलवे लाइन के ठीक किनारे था। ट्रेन गुजरने पर मकानों में कंपन होती है। आशंका व्यक्त की जा रही है कि पुराना-जर्जर मकान कंपन सह न सका और जमींदोज हो गया।
किसका है ये मकान?
शाहदरा जिला के पुलिस उपायुक्त राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि मकान सुरेंद्र सिंह नामक व्यक्ति का है। हादसे की क्या वजह रही, इसकी पड़ताल की जा रही है। क्राइम टीम व एफएसएल ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल बचाव का काम जारी है।
सभी कमरों में रहते हैं किरायेदार
हादसा मंगलवार सुबह करीब 10.09 बजे गली नंबर-6, ज्वाला नगर में हुआ। यहां करीब 1000 गज के एक पूरे परिसर में छह से सात, 25 से 30 गज के मकान बने हुए हैं। इन सभी में अलग-अलग किराएदार रहते हैं। जो मकान गिरा यहां ग्राउंड फ्लोर को आगरा निवासी पिंटू नामक नमकीन-गजक बनाने वाले ठेकेदार ने किराए पर लिया हुआ था।

पहली मंजिल पर रहता था देवांश और खुशबू का परिवार
पहली मंजिल पर देवांश और खुशबू का परिवार रहता है। ज्यादातर मकानों की छत को गाटर-पटिया से बनाया गया है। मंगलवार को अचानक एक मकान छत के साथ भरभराकर गिर गया। हादसे के समय ग्राउंड फ्लोर पर पिंटू अपने दिव्यांग भाई विकाश के अलावा कारीगर आकाश, दिलीप और अमन के साथ मौजूद था। पहली मंजिल पर खुशबू और उसका बेटा देवांश ही मौजूद थे।
delhi shahdara jwala nagar old house collapse two dead five injured
मलबे से निकाले गए चार लोग
हादसे के बाद सभी मलबे में दब गए। लोगों ने किसी तरह चार लोगों को पहले मलबे से निकाला। सूचना मिलने के बाद पुलिस के अलावा दमकल विभाग, डीडीएमए, एनडीआरएफ, नगर निगम, एंबुलेंस व बाकी लोग रेस्क्यू के लिए पहुंचे। तीन और घायलों को निकालकर अस्पताल भेजा गया। जहां देवांश और पिंटू को मृत घोषित कर दिया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button