रीवा मेडिकल कॉलेज के विकास कार्यों के लिए रूपये 414.17 करोड़ पुनरीक्षित स्वीकृति मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंदसौर के गाँधी सागर में हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में मिली बड़ी सौगात विंध्य क्षेत्र में स्वास्थ्य, अधोसंरचना होगी मजबूत
भोपाल: बुधवार, नवम्बर 18, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंदसौर के गाँधी सागर में हुई नवीं डेस्टिनेशन कैबिनेट की बैठक में रीवा के श्यामशाह चिकित्सा महाविद्यालय में विभिन्न निर्माण कार्यों एवं चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार के लिए रूपये 414.17 करोड़ की पुनरीक्षित प्रशासकीय स्वीकृति की बड़ी सौगात प्रदान की गई है।
उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मंत्रिपरिषद का यह निर्णय विंध्य क्षेत्र में चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य अधोसंरचना को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
राजेन्द्र शुक्ल ने कहा है कि इस निर्णय से रीवा मेडिकल कॉलेज में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार होगा। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं अधिक सुदृढ़ होंगी तथा रीवा सहित संपूर्ण विंध्य क्षेत्र के मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
उल्लेखनीय है कि इन कार्यों के लिए पूर्व में रूपये 321.94 करोड़ की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई थी। अब परियोजना की लागत में रूपये 92.23 करोड़ की वृद्धि करते हुए कुल स्वीकृत राशि रूपये 414.17 करोड़ कर दी गई है। इस प्रकार परियोजना की स्वीकृत लागत में लगभग 28.65 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
इस परियोजना के अंतर्गत निम्नलिखित प्रमुख कार्य किए जाएंगे:-
1. मातृत्व एवं शिशु चिकित्सालय में अतिरिक्त 100 बिस्तरों की व्यवस्था।
2. भवन के सर्विस ब्लॉक का निर्माण।
3. फर्नीचर एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था।
4. फर्श एवं छत की आधुनिक आंतरिक साज-सज्जा।
5. अग्निशमन प्रणाली की स्थापना।
6. वातानुकूलन एवं वायु संचार प्रणाली की स्थापना।
7. विद्युत व्यवस्था का विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण।
8. विद्युत उपकेंद्र के लिए आंतरिक विद्युतीकरण।
9. जनरेटर सेट की स्थापना।
10. बाहरी सीवर लाइन एवं जल आपूर्ति व्यवस्था का विकास।
11. जैव चिकित्सा उपकरणों एवं अस्पताल के फर्नीचर की व्यवस्था, जिसके लिए रूपये 22.65 करोड़ का प्रावधान किया गया है।



