विदेश
रूस करेगा परमाणु बम का इस्तेमाल, अगर… पुतिन ने पश्चिमी देशों को क्यों दे दी महाविनाशक हथियार की धमकी

मास्को: यूक्रेन युद्ध के बीच रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने पश्चिमी देशों को बड़ी धमकी दी है। पुतिन ने परमाणु युद्ध को लेकर पूछे गए एक सवाल के जवाब में पश्चिमी देशों को चेतावनी दी कि रूस की संप्रभुता या क्षेत्रीय अखंडता को खतरा पैदा होता है तो वह अपनी रक्षा के लिए हर उस साधन का इस्तेमाल करेगा जो उसके पास मौजूद है। रूसी राष्ट्रपति ने कहा कि पश्चिमी देश बार-बार रूस पर परमाणु धमकी देने का आरोप लगा रहे हैं लेकिन यह गलत है। उन्होंने कहा कि यह अमेरिका है जिसने जापान में दूसरे विश्वयुद्ध के दौरान परमाणु बम गिराया था। पुतिन ने अंतरराष्ट्रीय मीडिया से बातचीत में कहा कि रूस का परमाणु सिद्धांत इस बात की अनुमति देता है कि कई तरह के खतरों में इस तरह के हथियार का इस्तेमाल किया जा सकता है। पुतिन ने कहा कि कुछ कारणों से पश्चिमी देशों को भरोसा है कि रूस परमाणु बम का इस्तेमाल नहीं करेगा। हमारा एक परमाणु सिद्धांत है, उसको देखिए क्या कहता है। अगर किसी का कदम हमारी संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता को खतरा पैदा करता है तो हम अपने बचाव के लिए मौजूद हर विकल्प का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसे हल्के में नहीं लेना चाहिए।


