
नई दिल्ली: एक मुख्यमंत्री की पत्नी ने एक दिन में करीब 79 करोड़ रुपये की कमाई की है। इनका नाम नारा भुवनेश्वरी है। यह आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू की पत्नी हैं। नारा भुवनेश्वरी ने एक दिन में इतनी कमाई शेयर मार्केट से की है। शुक्रवार को एक स्टॉक में नारा भुवनेश्वरी को जबरदस्त फायदा हुआ। यह स्टॉक तेजी से आगे बढ़ा और नारा भुवनेश्वरी को मुनाफा दे गया। शुक्रवार को हेरिटेज फूड्स लिमिटेड के स्टॉक में जबरदस्त तेजी आई थी। यह डेयरी कंपनी है। इसकी शुरुआत 1992 में हुई थी। दक्षिण भारत में यह काफी फेमस है। हेरिटेज ग्रुप को टीडीपी प्रमुख चंद्रबाबू नायडू ने शुरू किया था। यह कंपनी डेयरी, रिटेल और एग्रीकल्चर में काम करती है।शुक्रवार को शेयर बाजार में गिरावट रही। लेकिन FMCG स्टॉक हेरिटेज फूड्स लिमिटेड में 7 फीसदी से ज्यादा की तेजी आई। इसका शेयर 493.25 रुपये तक पहुंच गया। इसी वजह से चंद्रबाबू नायडू की पत्नी ने एक दिन में 78,80,11,646 रुपये (करीब 79 करोड़ रुपये) कमा डाले। दरसअल, हेरिटेज फूड्स लिमिटेड को नारा भुवनेश्वरी चलाती हैं। उनके पास इस कंपनी के 2,26,11,525 शेयर हैं। इसका मतलब है कि कंपनी में उनकी 24.37 प्रतिशत हिस्सेदारी है। कंपनी ने वित्त वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही (Q1FY26) के नतीजे जारी किए। इसके बाद उनके पोर्टफोलियो में एक ही दिन में 78,80,11,646 रुपये का फायदा हुआ।
क्या करती हैं नायडू की पत्नी?
नारा भुवनेश्वरी तेलुगु सिनेमा के दिग्गज और तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) के फाउंडर एनटी रामा राव की बेटी हैं। नायडू से इनकी मुलाकात राजनीतिक सफर के दौरान हुई थी। दोनों की शादी सितंबर 1981 में हुई थी। नारा भुवनेश्वरी हेरिटेज फूड्स लिमिटेड की एमडी और वाइस चेयरमैन हैं।