ताईक्वांडो स्टेट चैंपियन का बिहार सांस्कृतिक परिषद ने किया सम्मान


भोपाल। राज्यस्तरीय ताईक्वांडो प्रतियोगिता में विजेताओ को बिहार सांस्कृतिक परिषद द्वारा सम्मानित किया गया। मध्यप्रदेश ताईक्वांडो एसोसिएशन द्वारा आयोजित म.प्र. राज्यस्तरीय ताईक्वांडो प्रतियोगिता 2025 का आयोजन सागर में 19 से 21 दिसंबर तक भव्य रूप से किया गया। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इसी क्रम में खिलाड़ियों ने शानदार सफलता अर्जित करते हुए राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
प्रतियोगिता में — ईशानवी कोष्टा ने अंडर 18 किग्रा वर्ग में स्वर्ण पदक, आंशिका ने अंडर 29 किग्रा वर्ग में स्वर्ण पदक, अपर्णा वर्मा ने अंडर 35 किग्रा वर्ग में स्वर्ण पदक, आस्था चौधरी ने अंडर 41 किग्रा वर्ग में स्वर्ण पदक सोनम साहू ने अंडर 47 किग्रा वर्ग में रजत पदक और रिद्धि नॉगरे ने अंडर 18 किग्रा वर्ग में रजत पदक प्राप्त किया। विशेष उल्लेखनीय है कि अपर्णा वर्मा ने दूसरी बार राज्य स्तरीय चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया, जबकि आस्था चौधरी ने लगातार तीसरी बार स्टेट चैंपियन बनकर अपनी श्रेष्ठता साबित की। ये सभी बच्चे भोपाल के कोच नितिन जयसवाल और निखिल गुप्ता से प्रशिक्षण लेते हैं। इन खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से प्रशिक्षकों, अभिभावकों और खेल प्रेमियों में हर्ष की लहर दौड़ गई है। सभी पदक विजेताओं को बिहार सांस्कृतिक परिषद की ओर से बधाई दी गई। इस अवसर पर संयोजक सतेन्द्र कुमार ने कहा कि यह उपलब्धि प्रदेश में ताईक्वांडो खेल के प्रति बढ़ती रुचि और प्रतिभा के विस्तार की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम है। परिषद की ओर से रामनंदन सिंह, रोहित कुमार, ओम प्रकाश चौधरी, राजेश कुमार सिंह एवं बिपिन बिहारी पदक विजेताओं एवं खिलाड़ियों को उत्साहवर्धन कर उनके उज्जवल भविष्य की कामना किया।


