खबर
जनकपुरी के बाद रोहिणी में हादसा: रोहिणी में खुले नाले में गिरकर युवक की मौत, बिहार का रहने वाला था बिरजू
रोहिणी सेक्टर-32 में मंगलवार शाम एक युवक खुले मेनहोल में गिर गया। लोगों ने इसकी जानकारी बेगमपुर थाना पुलिस और दमकल विभाग को दी। शाम 7.30 बजे दमकल विभाग के कर्मी तलाशी अभियान चलाया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।
दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-32 इलाके में सड़क के साथ बने डीडीए के खुले पड़े नाले गिरने से एक युवक की मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त 23 साल के बिरजू के रूप में हुई है। उसके दोस्त सूरज ने मंगलवार को बेगमपुर थाना पुलिस को बताया कि सोमवार रात दोनों दोस्त नशे में आ रहे थे। इस दौरान उसका दोस्त बिरजू गायब हो गया। साथ ही उसने उसके नाले में गिरने की आशंका भी जताई। इस सूचना पर पुलिस ने दमकल विभाग को जानकारी दी। दमकल कर्मियों ने करीब चार घंटे की तलाशी के बाद बिरजू के शव को नाले से बरामद कर लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस सूरज से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।


