मनोरंजन

रोक हटने के बाद आज रात रिलीज होगी ‘द केरल स्टोरी 2’, परेशान थिएटर मालिक बोले- ‘पूरी प्लानिंग बिगड़ गई

आज यानी शुक्रवार (27 फरवरी) को ‘द केरल स्टोरी 2’ रिलीज होने वाली थी। लेकिन फिल्म की रिलीज पर केरल हाई कोर्ट ने रोक लगा दी। शुक्रवार को इस रोक को हटा दिया गया। फिल्म आज रात ही रिलीज हो सकती है लेकिन इसके बावजूद थिएटर मालिक परेशान हैं।

शुक्रवार को केरल हाई कोर्ट ने फिल्म ‘द केरल स्टोरी 2’ की रिलीज पर लगा स्टे हटा दिया। इसके बाजवूद फिल्म को लेकर अब थिएटर में उत्साह नहीं दिख रहा है। रिलीज पर जब रोक लगी थी तो थिएटर वालों को टिकट रिफंड करने पडे़ थे, शेड्यूल बदलना पड़ा। स्टाफ की ड्यूटी, फूड स्टॉक, सभी चीजें गड़बड़ा गईं। इस स्थिति में जब फिल्म रिलीज होने वाली है तो भी थिएटर मालिक, एक्जिबिटर काफी परेशान हैं।

पूरा सिस्टम रुक गया- विशेक चौहान 
बिहार के थिएटर मालिक और एक्जिबिटर विशेक चौहान बताते हैं, ‘गुरुवार सुबह तक माहौल बिल्कुल त्योहार वाला था। कल सुबह तक सबकुछ एकदम सेट था। बुकिंग खुली थी, सीटें भर रही थीं। हमें उम्मीद थी कि होली वीकएंड अच्छा जाएगा। लेकिन 26 फरवरी की दोपहर अचानक स्टे ऑर्डर आया और मानो पूरा सिस्टम रुक गया। हमें तुरंत बुकिंग बंद करनी पड़ी। हमारे पास भी उस वक्त सिर्फ यही जानकारी थी कि फिल्म फिलहाल रिलीज नहीं होगी।

विशेक आगे कहते हैं, ‘कोर्ट ने मौखिक रूप से भले रिलीज के संकेत दिए हों लेकिन थिएटर मालिक लिखित आदेश के बिना कुछ नहीं कर सकते। जज ने कहा है कि सिंगल बेंच वाला आदेश सही नहीं है, लेकिन जब तक लिखित ऑर्डर प्रोड्यूसर को नहीं मिलता, हम बुकिंग नहीं खोल सकते। जैसे लिखित ऑर्डर मिलेगा, शो लगा देंगे। लेकिन 24 घंटे में फिल्म रोक दी जाए, तो थिएटर की पूरी प्लानिंग हिल जाती है, रिफंड, स्टाफिंग, फूड स्टॉक और दूसरी फिल्मों को एडजस्ट करना पड़ता है। नई फिल्म की जगह पुरानी फिल्म चलानी पड़ती है। नुकसान कितना होता है, यह गिनना मुश्किल है लेकिन नुकसान होना तय है।’ 

होली वीकएंड पर फिल्म रुकना बड़ा झटका होता है- राज बंसल  
जयपुर के वितरक और थिएटर मालिक राज बंसल कहते हैं, ‘गुरुवार दोपहर ने होली वीकएंड का पूरा गणित बिगाड़ दिया। होली के वीकएंड में फिल्में आमतौर पर अच्छी चलती हैं। हमें भी उम्मीद थी कि फिल्म ‘द केरल स्टोरी 2’ होली वीकएंड पर अच्छा करेंगी। टिकटें बिक रही थीं, लोग एडवांस में सीटें ले रहे थे। लेकिन 26 फरवरी की दोपहर जैसे ही स्टे की खबर आई, हमें सारी बुकिंग कैंसिल करनी पड़ीं। नई फिल्म हटती है तो पुरानी ही चलानी पड़ती है, इससे बिजनेस पर असर होना तय है।’
राज मानते हैं कि विवादित फिल्मों में उतार-चढ़ाव आते रहते हैं, लेकिन रिलीज से बस एक दिन पहले फिल्म का रुक जाना पूरे ट्रेड को झटका दे देता है। वह कहते हैं, ‘बहुत कम होता है कि गुरुवार को पोस्टर लगे हों और उसी गुरुवार को फिल्म रोक दी जाए। पूरा ट्रेड हिल जाता है। हम कोशिश करते हैं कि हर स्थिति के लिए तैयार रहें, लेकिन कुछ फैसले हमारे हाथ में नहीं होते। फिर भी हमारी इंडस्ट्री की अच्छी बात यह है कि मुश्किल वक्त में सब एक-दूसरे को समझते हैं। डिस्ट्रिब्यूटर हों या थिएटर वाले, हर कोई मिलकर हालात संभालता है। नुकसान तो होता है लेकिन इंडस्ट्री का साथ मिलना हौसला देता है।’कोर्ट ने स्टे क्यों लगाया था?
फिल्म के कुछ हिस्सों को लेकर कई लोगों ने कोर्ट में याचिका दायर की थीं। उनका कहना था कि फिल्म ‘द केरल स्टोरी 2’ की कहानी और कुछ सीन्स ऐसे हैं, जिनसे समाज में गलतफहमी या तनाव बढ़ सकता है। याचिकाकर्ताओं ने यह भी सवाल उठाया कि क्या सेंसर बोर्ड ने फिल्म को सर्टिफिकेट देने से पहले उसे ठीक तरह से जांचा था या नहीं। इन आपत्तियों को देखते हुए अदालत ने कहा कि मामले की पूरी तरह समीक्षा जरूरी है। इसलिए, कोर्ट ने फिल्म पर अंतरिम स्टे लगा दिया था।

केरल हाईकोर्ट ने हटा दी फिल्म पर लगी रोक
शुक्रवार को केरल हाईकोर्ट ने फिल्म ‘द केरल स्टोरी 2’ के मेकर्स को राहत दी है। कुछ दिन पहले केरल हाईकोर्ट की सिंगल जज की बेंच ने फिल्म पर 15 दिन की रोक लगाई थी, यह आदेश जिस्टिस बेचू कुरियन थॉमस ने दिया था। लेकिन शुक्रवार को डिवीजन बेंच ने फिल्म पर लगी रोक को हटा दिया है। यह आदेश केरल हाईकोर्ट के जस्टिस एसए धर्माधिकारी और पीवी बालकृष्णन की डिवीजन बेंच ने जारी किया है। अब ‘द केरल स्टोरी 2’ के मेकर्स अपनी फिल्म को सिनेमाघरों में रिलीज कर सकते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button