खेल

कब शुरू होगा आईपीएल के 19वें संस्करण का रोमांच? फाइनल की तारीख पर बड़ी जानकारी आई सामने

आईपीएल के शीर्ष परिषद की बैठक अगले हफ्ते होनी है। इस दौरान आईपीएल के 19वें संस्करण की तारीखों पर फैसला लिया जा सकता है।

आईपीएल 2026 की शुरुआत 28 मार्च से हो सकती है। वहीं, फाइनल मुकाबला 31 मई को खेला जा सकता है। ईएसपीएनक्रिकइन्फो की रिपोर्ट के अनुसार, आईपीएल के शीर्ष परिषद की बैठक अगले हफ्ते होनी है। इस दौरान आईपीएल के 19वें संस्करण की तारीखों पर फैसला लिया जा सकता है।

विधानसभा चुनावों के कारण अब तक नहीं हो सका एलान
आईपीएल ने नीलामी से पहले सभी 10 फ्रेंचाइजी को सूचित किया था कि 19वें संस्करण की शुरुआत 26 मार्च से होगी। हालांकि, अब तारीखों में बदलाव हो सकता है। इसका कारण विधानसभा चुनाव हैं। दरअसल, जिन तीन राज्यों में आईपीएल के मुकाबले खेले जाने हैं उनके विधानसभा चुनावों की तारीखों का एलान अब तक नहीं हुआ है। इनमें अमस, पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु शामिल हैं। कोलकाता (पश्चिम बंगाल में) और चेन्नई (तमिलनाडु में) क्रमशः कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) और चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के घरेलू मैदान हैं, जबकि गुवाहाटी राजस्थान रॉयल्स का दूसरा वेन्यू है।
दो भागों में हो सकता है कार्यक्रम का एलान
इस रिपोर्ट में आगे बताया गया है कि आईपीएल के शीर्ष परिषद की बैठक अगले हफ्ते होनी है। इसमें टूर्नामेंट के कार्यक्रम पर चर्चा होगी। आईपीएल की शुरुआत 2008 में हुई, उसके बाद से ऐसा चार बार (2009, 2014, 2019 और 2024) हुआ है जब देश में आम चुनाव हुए हैं। वहीं, अगर किसी राज्य में विधानसभा चुनाव हुए हैं तो कार्यक्रम की घोषणा दो भागों में की गई है। उम्मीद की जा रही है कि शीर्ष परिषद यह तय करेगा कि इस बार भी दो भागों में कार्यक्रम की घोषणा करे, या पहले तीन राज्यों के लिए चुनाव की तारीखों की घोषणा को लेकर चुनाव आयोग का इंतजार किया जाए।

कहां होगा पहला मुकाबला?
आईपीएल के शीर्ष परिषद की बैठक में इस बात पर भी चर्चा होनी है कि टूर्नामेंट का पहला मैच कहां खेला जाएगा। दरअसल, आईपीएल 2025 का खिताब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने जीता था। नियम के अनुसार, पहला मुकाबला डिफेंडिंग चैंपियन के घरेलू मैदान पर खेला जाता है। लेकिन पिछले साल जून में बंगलूरू के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में आरसीबी की जीत के जश्न के दौरान हुई भगदड़ में 11 प्रशंसकों की मौत हो गई थी। इसके बाद मैदान पर सारी गतिविधियां रोक दी गईं। माना जा रहा है की आरसीबी राज्य क्रिकेट संघ के साथ इस बात पर चर्चा कर रही है कि टीम के सात घरेलू मैच उसी जगह पर खेले जाएंगे या कहीं और स्थानांतरित किए जाएंगे। आरसीबी ने नवी मुंबई, रायपुर और पुणे सहित कुछ दूसरे वेन्यू शॉर्टलिस्ट किए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button