खबरबिज़नेसमध्य प्रदेश

ईरान–इज़रायल–अमेरिका तनाव का असर भोपाल के बाजारों में, दाल–मसाले और ड्राई फ्रूट्स महंगे

भोपाल। मध्य पूर्व में चल रहे ईरान–इज़रायल–अमेरिका तनाव का असर अब राजधानी भोपाल के बाजारों में भी दिखाई देने लगा है।

भोपाल किराना व्यापारी महासंघ के महामंत्री एवं कैट के पूर्व प्रवक्ता विवेक साहू ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय हालात और सप्लाई प्रभावित होने के कारण कई खाद्य वस्तुओं के दामों में तेजी दर्ज की जा रही है।
दालों के बाजार में भी तेजी का माहौल बना हुआ है। हरी मूंग करीब 100 रुपये प्रति क्विंटल, मसूर 100 रुपये, चना 150 रुपये, मूंग मोगर लगभग 125 रुपये तथा चना दाल करीब 100 रुपये प्रति क्विंटल तक तेज बताई जा रही है। वहीं तुअर दाल के भाव में भी करीब 200 से 300 रुपये प्रति क्विंटल तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
मसालों के थोक व्यापारी अनिल कुकरेजा ने बताया कि मसालों के बाजार में भी तेजी देखने को मिल रही है। मिर्ची लगभग 50 रुपये प्रति किलो और धनिया करीब 40 रुपये प्रति किलो तक महंगा हो गया है।
थोक ड्राई फ्रूट व्यापारी किशोर राजदेव के अनुसार ड्राई फ्रूट्स के दामों में भी तेजी आई है। पिस्ता करीब 250 रुपये प्रति किलो, अंजीर 100 रुपये प्रति किलो, केसर लगभग 20 हजार रुपये प्रति किलो और दालचीनी करीब 5 रुपये प्रति किलो तक महंगी हो चुकी है।
इस संबंध में भोपाल किराना व्यापारी महासंघ के महामंत्री विवेक साहू ने बताया कि पिस्ता, अंजीर, दालचीनी सहित कई ड्राई फ्रूट्स ईरान के रास्ते भारत आते हैं, इसलिए अंतरराष्ट्रीय हालात का सीधा असर इनके दामों पर पड़ा है।
वहीं भारत से जाने वाले कुछ उत्पादों के दामों में गिरावट भी देखी जा रही है। खोपरा पाउडर करीब 50 रुपये, मखाने 100 रुपये तथा हरी इलायची लगभग 200 रुपये प्रति किलो तक सस्ती हुई है।
पैकेजिंग व्यापार से जुड़े मोतीलाल आडवाणी ने बताया कि क्रूड ऑयल के दाम बढ़ने से कच्चा माल महंगा हो गया है, जिसके कारण पैकेजिंग से जुड़े सामानों के रेट में करीब 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। इसके चलते प्लास्टिक से बने अधिकांश पैकेजिंग आइटम महंगे हो गए हैं।
खाद्य तेल के ब्रोकर रमाकांत तिवारी एवं खाद्य तेल एवं शक्कर संगठन के महामंत्री कृष्ण कुमार बांगड़ ने बताया कि खाद्य तेलों के बाजार में भी तेजी देखने को मिल रही है। सोयाबीन तेल के भाव में पिछले करीब 15 दिनों में लगभग 14 रुपये प्रति किलो तक की तेजी दर्ज की गई है। वहीं मूंगफली तेल के 15 लीटर जार की कीमत करीब 2120 रुपये से बढ़कर 2650 रुपये तक पहुंच गई है। हालांकि गर्मी के मौसम के कारण सरसों तेल की मांग कम होने से इसके रेट फिलहाल स्थिर बने हुए हैं।
विवेक साहू ने बताया कि भोपाल शहर में इस समय शादी-ब्याह का सीजन भी चल रहा है, ऐसे में कमर्शियल गैस सिलेंडर की उपलब्धता में परेशानी और खाद्य वस्तुओं के बढ़ते दामों के कारण शादियों के खर्च में भी बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। अनुमान है कि इन परिस्थितियों के कारण शादी समारोह का खर्च करीब 30 प्रतिशत तक बढ़ सकता है।
उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय हालात का असर धीरे-धीरे स्थानीय बाजारों पर भी दिखाई देने लगा है और यदि स्थिति लंबे समय तक बनी रहती है तो आने वाले दिनों में कीमतों में और उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button