देश

फरसा वाले बाबा’ की गाड़ी से कुचलकर हत्या का आरोप, हाईवे कर जाम

ईद पर मथुरा में बवाल

कान्हा की नगरी ब्रज में ईद वाले दिन बवाल मच गया। आरोप है कि मथुरा के थाना कोसीकलां के अंतर्गत कोटवन चौकी क्षेत्र के नवीपुर में बीती रात गौ-तस्करों ने विख्यात गौ-सेवक चंद्रशेखर, जिन्हें क्षेत्र में ‘फरसा वाले बाबा’ के नाम से जाना जाता था, की गाड़ी से कुचलकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है और तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। इस दौरान आगरा-दिल्ली हाईवे जाम कर दिया गया। आक्रोशित भीड़ ने हाईवे पर पथराव कर दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाबा चंद्रशेखर को क्षेत्र में गौ-तस्करों की सक्रियता की सूचना मिली थी। वे अपनी टीम के साथ तस्करों का पीछा कर रहे थे। नवीपुर के समीप तस्करों ने क्रूरता की हदें पार करते हुए अपनी गाड़ी बाबा के ऊपर चढ़ा दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए छाता पुलिस ने मोर्चा संभाल लिया है। बरसाना की ओर जाने वाले सभी रास्तों पर सघन नाकाबंदी कर दी गई है ताकि फरार आरोपियों को पकड़ा जा सके।बाबा का पार्थिव शरीर उनके गांव अंजनोख स्थित बाबा की गोशाला पहुंचा, जहां हजारों की संख्या में ग्रामीण और गौ-भक्त जमा हैं।  बाबा ‘फरसा वाले’ अपने निडर स्वभाव और गौ-वंश की रक्षा के लिए ब्रज क्षेत्र में काफी लोकप्रिय थे। उनकी हत्या की खबर फैलते ही हिंदूवादी संगठनों और गौ-सेवकों में भारी रोष व्याप्त है। स्थानीय प्रशासन भारी पुलिस बल के साथ स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button