कश्मीरी बच्चियों ने गुल्लक तोड़े, विधवा ने सोना किया दान… ईरान को भेजी मदद
आया जवाब- कभी नहीं भूलेंगे


अमेरिका और इजरायल की ओर से शुरू किए गए जंग को 24 दिन हो गए हैं और ईरान को बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचा है. ऐसे में भारत में मौजूद ईरान के दूतावास ने ईरान को फिर से खड़ा करने, उसके पुनर्निमाण के लिए पैसे और अपने गहने दान करने वाले भारतीयों की “दयालुता” और “मानवता” के लिए धन्यवाद दिया है. ईरान की ओर से कहा कि वह भारत की इस दया को हमेशा याद रखेगा. ईरानी दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “हम आपकी दयालुता और मानवता को कभी नहीं भूलेंगे. धन्यवाद, भारत.”
दरअलस ईद के मौके पर पूरे देश के मुस्लिम समुदाय के लोगों ने ईरान के साथ एकजुटता दिखाई. कश्मीर में तो लोगों, यहां तक कि छोटी बच्चियों ने अपने जमा किए गए पैसों, तांबे के बर्तनों और गहनों का दान किया. इसके वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हैं. इन्हीं वीडियो पर रिएक्ट करते हुए ईरानी दूतावास ने लिखा, “कृतज्ञता से भरे दिल के साथ, हम कश्मीर के दयालु लोगों का ईमानदारी से धन्यवाद करते हैं, जिन्होंने मानवीय सहायता और दिल से समर्थन देकर ईरान के लोगों के साथ खड़े रहे. इस दयालुता को कभी नहीं भुलाया जाएगा. धन्यवाद, भारत.”
दूतावास ने एक महिला के त्याग का भी उल्लेख किया, जिसने अपने पति की याद में रखा सोना दान कर दी. उस महिला के पति की 28 साल पहले मृत्यु हो गई थी. “कश्मीर की एक सम्मानित बहन ने अपने पति की याद में रखा सोना दान कर दिया, जिनका 28 साल पहले निधन हो गया था. उन्होंने ईरान के लोगों के लिए प्यार और एकजुटता के साथ यह दान दिया. आपके आंसू और सच्ची भावनाएं ईरान के लोगों के लिए सबसे बड़ा सहारा हैं और इन्हें कभी नहीं भुलाया जाएगा. धन्यवाद, कश्मीर. धन्यवाद, भारत.”



