

नई दिल्ली। कोलंबिया में सेना का एक हरक्यूलिस सी-130 विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। इस विमान में 110 सैनिक सवार थे। यह विमान सैनिकों को एक जगह से दूसरी जगह लेकर जा रहा था। कोलंबिया के रक्षा मंत्री पेड्रो सांचेज ने बताया कि यह हादसा उस समय हुआ जब विमान प्यूर्टो लेगुइजामो से उड़ान भर रहा था। यह इलाका कोलंबिया के दक्षिणी अमेजन क्षेत्र में पेरू की सीमा के पास स्थित है। उन्होंने कहा कि हादसे में हताहत हुए लोगों की सही संख्या और दुर्घटना के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। विमान निर्माता अमेरिकी रक्षा कंपनी लॉकहीड मार्टिन ने इस दुर्घटना पर फिलहाल कोई टिप्पणी नहीं की है। गौरतलब है कि फरवरी के अंत में बोलीविया की वायुसेना का भी एक हरक्यूलिस सी-130 विमान घनी आबादी वाले शहर आल्टो में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। यह विमान रिहायशी इमारतों से टकराने से बाल-बाल बचा था। इस हादसे में 20 से अधिक लोगों की मौत हुई थी और 30 अन्य घायल हुए थे। विमान के कार्गो में रखे करेंसी नोट शहरभर में बिखर गए थे। इस कारण स्थानीय निवासियों और सुरक्षा बलों के बीच झड़पें भी हुई थीं।



