बालेन शाह के पीएम बनते ही पूर्व प्रधानमंत्री केपी ओली और पूर्व गृह मंत्री रमेश लेखक गिरफ़्तार


नेपाल पुलिस के प्रवक्ता अभिनारायण काफले ने बताया है कि पूर्व प्रधानमंत्री और नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी (यूएमएल) के नेता केपी शर्मा ओली और पूर्व गृह मंत्री रमेश लेखक को गिरफ़्तार कर लिया गया है. काफले ने बताया कि ओली और लेखक दोनों को काठमांडू पुलिस परिसर ले जाया गया है. उन्होंने कहा कि उन्हें “जांच आयोग की रिपोर्ट को लागू करने के लिए मंत्रिपरिषद के फ़ैसले के अनुसार” गिरफ़्तार किया गया. पिछले साल हुए जेन ज़ी के विरोध प्रदर्शनों की जांच के लिए गठित गौरी बहादुर कार्की की अध्यक्षता वाले आयोग ने सुशीला कार्की के नेतृत्व वाली पिछली सरकार को एक रिपोर्ट सौंपी थी. रैपर से राजनेता बने बालेन शाह ने नेपाल के प्रधानमंत्री के तौर पर शुक्रवार को शपथ ली थी. पिछले साल युवाओं के नेतृत्व में हुए विरोध प्रदर्शनों के बाद देश में हुए पहले चुनाव में उन्हें ज़बरदस्त जीत मिली थी. उन्होंने ओली को भारी अंतर से हराया था. काफले ने कहा, “अब उनके ख़िलाफ़ कानूनी प्रक्रिया नियमों के अनुसार चलाई जाएगी. यह गिरफ़्तारी इसलिए की गई है ताकि क़ानून सभी पर समान रूप से लागू हो.”ओली को भक्तपुर से गिरफ़्तार किया गया और लेखक को शनिवार सुबह भक्तपुर के ही कटुंजे स्थित उनके आवास से गिरफ़्तार किया गया. काठमांडू घाटी पुलिस के प्रवक्ता ओम अधिकारी ने समाचार एजेंसी ‘एएफ़पी’ को बताया, “उन्हें आज सुबह गिरफ़्तार किया गया और यह प्रक्रिया क़ानून के अनुसार आगे बढ़ेगी. ओली और लेखक पर अभी तक कोई आरोप नहीं लगाया गया है.”



