खेल

13 साल बाद मुंबई ने ओपनिंग मैच जीता

रोहित-रिकेल्टन के बीच हुई तीसरी बड़ी साझेदारी

रोहित शर्मा (78) और रेयान रिकेल्टन (81) की अर्धशतकीय पारियों की मदद से मुंबई इंडियंस ने कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को छह विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ मुंबई ने 13 साल से चले आ रहे हार के सिलसिले को भी तोड़ दिया। दरअसल, मुंबई ने पिछली बार 2012 में सत्र का ओपनिंग मुकाबला जीता था। इसके बाद से वह लगातार 13 साल तक ओपनिंग मैच नहीं जीत पाई थी। अब टीम ने केकेआर को हराकर इस अनचाहे रिकॉर्ड से पीछा छुड़ा लिया है।रविवार को वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी केकेआर ने अजिंक्य रहाणे (67) और अंगकृष रघुवंशी (51) की अर्धशतकीय पारियों की मदद से 20 ओवर में चार विकेट पर 220 रन बनाए। जवाब में मुंबई ने रोहित शर्मा और रेयान रिकेल्टन की शतकीय साझेदारी की सहायता से 19.1 ओवर में चार विकेट पर 224 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया।

रोहित-रिकेल्टन ने रखी नींव
221 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी एमआई को रोहित शर्मा और रेयान रिकेल्टन ने धमाकेदार शुरुआत दी। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 11.5 ओवर में 148 रन की साझेदारी की। रोहित पहले विकेट के रूप में 78 रन बनाकर आउट हुए। 38 गेंदों की अपनी पारी में रोहित ने छह चौके और इतने ही छक्के लगाए। रोहित ने 23 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया। आईपीएल में उनका यह सबसे तेज अर्धशतक है। रोहित का आईपीएल का यह 50वां अर्धशतक भी था। रिकेल्टन ने भी 43 गेंदों पर आठ छक्कों और चार चौकों की मदद से 81 रन की पारी खेली। सूर्यकुमार यादव आठ गेंदों पर 16 रन बनाकर आउट हुए। तिलक वर्मा ने 14 गेंदों में 20 रन की पारी खेली। हार्दिक 11 गेंदों पर 18 और नमन धीर दो गेंदों पर पांच रन बनाकर नाबाद रहे। केकेआर के लिए वैभव अरोड़ा, कार्तिक त्यागी और सुनील नरेन ने 1-1 विकेट लिए।रोहित-रिकेल्टन के बीच रिकॉर्ड साझेदारी
रोहित और रिकेल्टन के बीच हुई शतकीय साझेदारी मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल में तीसरी सबसे बड़ी साझेदारी है। दोनों ने पहले विकेट के लिए 148 रन जोड़े। इससे पहले दूसरे विकेट के लिए 2012 में रोहित शर्मा और हर्षल गिब्स के बीच 167 रनों की नाबाद साझेदारी हुई थी। वहीं, दूसरे स्थान पर ड्वेन स्मिथ और सचिन तेंदुलकर हैं, जिनके बीच 2012 में पहले विकेट के लिए 163 रनों की नाबाद साझेदारी हुई थी।

रहाणे और एलन ने दिलाई केकेआर को अच्छी शुरुआत
इससे पहले पहले बल्लेबाजी करने उतरी केकेआर को फिन एलन और अजिंक्य रहाणे ने ताबड़तोड़ शुरुआत दी थी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 5.2 ओवर में 69 रन जोड़े। एलन पहले विकेट के रूप में 17 गेंदों पर छह चौकों और दो छक्कों की मदद से 37 रन की पारी खेलकर आउट हुए।इसके बाद रहाणे और ग्रीन के बीच दूसरे विकेट के लिए 21 गेंदों पर 40 रन की साझेदारी हुई। टीम का स्कोर जब 109 था, उस समय ग्रीन 10 गेंदों पर 18 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद रहाणे ने तीसरे विकेट के लिए अंगकृष रघुवंशी के साथ 36 रन की साझेदारी कर टीम का स्कोर 145 तक पहुंचा दिया। रहाणे तीसरे विकेट के रूप में 40 गेंदों पर पांच छक्कों और तीन चौकों की मदद से 67 रन की शानदार पारी खेलकर आउट हुए।

रघुवंशी का अर्धशतक
रहाणे का विकेट गिरने के बाद रघुवंशी और रिंकू सिंह ने पारी को संभाला और चौथे विकेट के लिए 30 गेंदों पर 60 रन की साझेदारी कर टीम का स्कोर 205 तक पहुंचा दिया। इसी स्कोर पर चौथे विकेट के रूप में रघुवंशी 29 गेंदों पर दो छक्कों और छह चौकों की मदद से 51 रन की पारी खेलकर आउट हुए। रिंकू सिंह 21 गेंदों पर चार चौकों की मदद से 33 और रमनदीप सिंहचार रन बनाकर नाबाद रहे। एमआई के लिए शार्दुल ठाकुर ने तीन विकेट लिए जबकि हार्दिक पांड्या को एक सफलता मिली।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button