राजा भोज भोपाल एयरपोर्ट अब नई उड़ान के लिए तैयार : मनोज मीक
टू-लेवल टर्मिनल सिस्टम से भोपाल एयरपोर्ट बना प्रदेश का पहला आधुनिक एयरपोर्ट


एयरपोर्ट का नया चरण भोपाल की बढ़ती क्षमता का प्रतीक
राजा भोज एयरपोर्ट के नये चरण में अनेक यात्री सुविधाओं, तकनीकी क्षमता और अवसंरचनाओं का उद्घाटन हुआ, यह भोपाल की शहरी और आर्थिक प्रगति का महत्वपूर्ण संकेत है जिससे एयरपोर्ट की कार्यक्षमता और यात्री सुविधा दोनों बढ़ेंगी।
एयरपोर्ट एडवाइजरी कमेटी के सदस्य एवं क्रेडाई के अध्यक्ष मनोज मीक ने राजा भोज एयरपोर्ट पर नए डोमेस्टिक अराइवल हॉल, नई फायर स्टेशन सुविधा और डिजी यात्रा व्यवस्था के शुभारंभ समारोह में शामिल होते हुए कहा कि यह इंफ्रास्ट्रक्चर अपग्रेड ‘कमाल के भोपाल’ की बढ़ती आकांक्षाओं और आधुनिक शहरी पहचान का प्रतीक है। राजा भोज एयरपोर्ट अब मध्यप्रदेश का पहला ऐसा एयरपोर्ट बन रहा है, जहाँ अराइवल और डिपार्चर के लिए अलग-अलग स्तरों वाली आधुनिक टर्मिनल व्यवस्था विकसित हुई है। इससे यात्री सुविधा, सुरक्षा और संचालन में बड़ा सुधार आएगा।
मनोज मीक ने कहा कि हमारी एयरपोर्ट एडवाइजरी कमेटी के कार्यकाल में सांसद आलोक शर्मा की अध्यक्षता में विमानतल ने लगातार उल्लेखनीय प्रगति की है। एएआई कस्टमर सैटिस्फैक्शन सर्वे 2025 में भोपाल ने राउंड-1 में 5.00 और राउंड-2 में 4.99 का उत्कृष्ट स्कोर प्राप्त किया। वित्तीय वर्ष 2024–25 में लगभग 16.03 लाख यात्रियों का यातायात दर्ज हुआ। इसी दौरान एयरपोर्ट ने 24×7 संचालन, कस्टम्स-नोटिफाइड एयरपोर्ट का दर्जा और कोड-ई बोइंग 777-300ER की सफल ट्रायल लैंडिंग जैसी उपलब्धियाँ भी हासिल कीं।
‘कमाल का भोपाल’ नागरिक अभियान के फाउंडर मनोज मीक का मानना है कि यह उपलब्धि भोपाल की बढ़ती क्षमता और नए आत्मविश्वास की उपलब्धि है, भोपाल के लिए एक मजबूत आधार हैं अब अगला फोकस बेहतर कनेक्टिविटी, अधिक उड़ानें, कार्गो क्षमता और दीर्घकालिक एयरपोर्ट मास्टर प्लान पर होना चाहिए।



