2 अप्रैल को श्री हनुमान जन्मोत्सव पर निकलेगी भव्य हिन्दू एकता शोभा यात्रा 15 फीट की हनुमान जी प्रतिमा रहेगी आकर्षण का केंद्र


भोपाल। श्री हनुमानजी के जन्मोत्सव के पावन अवसर पर जय मां भवानी हिन्दू संगठन रजि. भोपाल द्वारा इस वर्ष भी भव्य हिन्दू एकता शोभा यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष भानु हिन्दू ने बताया कि यह शोभा यात्रा का 12वां वर्ष है, जिसमें भोपाल के साथ-साथ बेरसिया, सीहोर, आष्टा, नर्मदापुरम, मंडीदीप सहित अन्य जिलों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। राष्ट्रीय अध्यक्ष भानु हिन्दू ने बताया कि यह हिन्दू एकता शोभा यात्रा 02 अप्रैल 2026 (गुरुवार) को शाम 4:00 बजे से प्रारंभ होगी। शोभा यात्रा कालीघाट मंदिर से प्रारंभ होकर कसाईपूरा, बुधवारा, चार बत्ती चौराहा, इतवारा चौराहा, जैन मंदिर रोड, मंगलवारा चौराहा, जुमेराती, छोटे भैया कार्नर, घोड़ा निक्कास चौराहा, कमाली मंदिर, नादरा बस स्टैंड, भोपाल टॉकीज होते हुए सिंधी कॉलोनी स्थित मां दुर्गा मंदिर पर समापन होगी। शोभा यात्रा में धार्मिक झांकियां, जयकारे, भगवा ध्वज-पताकाएं और भक्ति संगीत के साथ शहरभर में उत्साह और श्रद्धा का वातावरण देखने को मिलेगा। आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज में धार्मिक एकता को मजबूत करना एवं सनातन संस्कृति के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। इस वर्ष शोभा यात्रा में 15 फीट ऊंची भगवान हनुमान जी की प्रतिमा मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेगी। साथ ही महिलाएं महाराष्ट्रीयन पैटर्न पर जयकारे लगाते हुए शोभा यात्रा में विशेष सहभागिता करेंगी।
राष्ट्रीय अध्यक्ष भानु हिन्दू ने शहरवासियों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर शोभा यात्रा को सफल बनाएं।


