भोपाल में 2 अप्रैल को निकलेगी भव्य “हिंदू एकता शोभायात्रा”
भोपाल । जय मां भवानी हिंदू संगठन द्वारा श्री हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर दिनांक 02 अप्रैल 2026 (गुरुवार) को भव्य एवं ऐतिहासिक “हिंदू एकता शोभायात्रा” का आयोजन किया जा रहा है। विगत 12 वर्षों से निरंतर आयोजित हो रही यह शोभायात्रा हर वर्ष विशाल जनसमूह की सहभागिता के साथ धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक गौरव एवं सामाजिक एकता का प्रतीक बन चुकी है। इस अवसर पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु, गणमान्य नागरिक, युवा शक्ति एवं मातृशक्ति उत्साहपूर्वक सहभागिता करेंगे। शोभायात्रा मां कालीघाट मंदिर (छोटा तालाब) से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों—चार बत्ती चौराहा, बुधवारा, इतवारा, मंगलवारा, हनुमानगंज मार्केट, जुमेराती, घोड़ा निकास, बस स्टैंड, भोपाल टॉकीज, सिंधी कॉलोनी होते हुए बैरसिया रोड स्थित मां दुर्गा मंदिर पर संपन्न होगी। यात्रा की शुरुआत हनुमान चालीसा के पाठ के साथ की जाएगी एवं समापन भंडारे के साथ किया जाएगा।
विशेष आकर्षण:-
1- दक्षिण भारतीय शैली में निर्मित भगवान हनुमान जी की लगभग 15 फीट ऊंची भव्य प्रतिमा, जो श्रद्धालुओं के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेगी।
2- राजस्थान के पारंपरिक ढोल-नगाड़े, जिनकी गूंज से पूरा वातावरण भक्तिमय एवं ऊर्जावान बनेगा।
3- आकर्षक आतिशबाजी, जो शोभायात्रा की भव्यता एवं उत्साह को और अधिक बढ़ाएगी।
इसके अतिरिक्त, समाज में जागरूकता का संदेश देने के उद्देश्य से हाल ही में भोपाल में हुए गौ-हत्या कांड एवं नगर निगम स्लॉटरहाउस से जुड़े विषयों के विरोध स्वरूप एक प्रतीकात्मक झांकी भी शोभायात्रा में शामिल की जाएगी, जिसके माध्यम से जनभावनाओं को प्रभावी रूप से अभिव्यक्त किया जाएगा। संगठन द्वारा प्रशासन एवं नगर निगम से शोभायात्रा के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन हेतु आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया है। इनमें प्रमुख रूप से पेयजल व्यवस्था, साफ-सफाई, सड़क मरम्मत, अस्थायी शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, फॉगिंग, कचरा प्रबंधन, बैरिकेडिंग एवं मार्ग में पानी का छिड़काव शामिल हैं। संगठन ने श्रद्धालुओं की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए शोभायात्रा मार्ग में मांस एवं मदिरा की दुकानों को बंद रखने हेतु भी अनुरोध किया है।



