देश

पुणे में महिला पत्रकार से यौन उत्पीड़न के आरोप में सामाजिक कार्यकर्ता पर मामला दर्ज

पुणे पुलिस ने मंगलवार को शहर के एक सामाजिक कार्यकर्ता और कंटेंट क्रिएटर संतोष पंडित के खिलाफ एक महिला पत्रकार के कथित यौन उत्पीड़न के आरोप में मामला दर्ज किया है। एक अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि पंडित के खिलाफ पार्वती पुलिस स्टेशन में प्राथमिकी दर्ज की गई है।शहर के एक टेलीविजन चैनल के लिए काम करने वाली महिला पत्रकार ने बताया कि यह घटना सोमवार को हुई जब वह शहर में गिरफ्तार कथित ‘बाबा’ अशोक खरात से जुड़े मामलों के संबंध में आयोजित विरोध प्रदर्शन को कवर कर रही थी।शिकायत में पीड़िता ने आरोप लगाया कि एक सामाजिक कार्यकर्ता ने विरोध प्रदर्शन का आयोजन किया था, जिसमें कई मीडिया रिपोर्टर मौजूद थे। घटनास्थल पर पंडित ने पत्रकारों पर सड़क पर ट्रैफिक जाम करने का आरोप लगाते हुए अभद्र भाषा का प्रयोग करना और गालियां देना शुरू कर दिया। इसमें आगे कहा गया कि पंडित ने शिकायतकर्ता के पहनावे पर आपत्तिजनक टिप्पणी की और फिर अनुचित तरीके से घूरकर यौन उत्पीड़न किया। पंडित को उनके सोशल मीडिया अकाउंट पर नागरिक मुद्दों को उठाने के लिए जाना जाता है। पुलिस ने बताया कि शिकायत के आधार पर, आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 75 (यौन उत्पीड़न), 78 (पीछा करना), 352 (शांति भंग करने के लिए उकसाने के इरादे से अपमान), 351 (आपराधिक धमकी) और 196 (अश्लील कृत्य) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

ठाणे में क्रूरता: सोसाइटी में कुत्ते को पीट-पीटकर मार डाला, पुलिस जांच शुरू
महाराष्ट्र के ठाणे जिले से बेजुबान जानवर के साथ क्रूरता का मामला सामने आया है। कल्याण के भोईरवाड़ी इलाके की एक हाउसिंग सोसाइटी में रविवार रात एक आवारा कुत्ते को पीट-पीटकर मार दिया गया। पुलिस ने इस घटना के संबंध में अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। सोशल मीडिया पर इस घटना से जुड़े कुछ वीडियो वायरल हुए हैं। इन वीडियो में कुछ लोग सोसाइटी परिसर में लाठियां लेकर घूमते दिखाई दे रहे हैं। बाद में वह कुत्ता सोसाइटी की पार्किंग में मृत मिला। कुत्ते के शरीर पर चोट के निशान थे, जिससे पता चलता है कि मरने से पहले उसने बचने की काफी कोशिश की थी।

खड़कपाड़ा पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने बताया कि जानवरों को खाना खिलाने वाले एक स्थानीय व्यक्ति ने इस मामले की शिकायत की। ‘प्लांट्स एंड एनिमल्स वेलफेयर सोसाइटी’ (PAWS) के प्रतिनिधियों ने भी पुलिस से संपर्क कर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने सोमवार को पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 के तहत मामला दर्ज कर लिया। अब दोषियों की पहचान के लिए इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। इस सोसाइटी में विवाद का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले 27 मार्च को भी एक निवासी के खिलाफ केस दर्ज हुआ था। तब एक महिला ने आरोप लगाया था कि उस व्यक्ति ने आवारा कुत्तों को जहर देने की धमकी दी है। दरअसल, एक बच्चे को कुत्ते के काटने के बाद वह व्यक्ति नाराज था। पुलिस उस पुराने मामले की भी जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button