भोपाल के व्यस्त मुख्य मार्ग पर चिकित्सक पर हमला एवं लूट , कड़ी कार्रवाई की मांग
भोपाल। शहर के अत्यंत व्यस्त पॉलिटेक्निक मुख्य मार्ग (किलोल पार्क पेट्रोल पंप के आसपास) पर सुबह लगभग 9 से 10 बजे के बीच एक गंभीर एवं चिंताजनक घटना सामने आई है, जिसमें वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. मनोज वर्मा पर अज्ञात असामाजिक तत्वों द्वारा हमला कर लूटपाट की गई।
डॉ. वर्मा गांधी चिकित्सा महाविद्यालय, भोपाल के पूर्व छात्र हैं तथा वर्तमान में शासकीय सेवा में कार्यरत एक प्रतिष्ठित एवं अत्यंत व्यवहारकुशल चिकित्सक हैं। वे विभिन्न शासकीय चिकित्सालयों में महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन करते हुए टी.बी. डायरेक्टर (Tuberculosis Director) के पद पर भी कार्यरत रहे हैं तथा निरंतर जनसेवा में संलग्न रहे हैं। उनके विरुद्ध किसी प्रकार का कोई आरोप या व्यक्तिगत वैमनस्य ज्ञात नहीं है।
प्रथम दृष्टया यह घटना लूटपाट की प्रतीत होती है, जिसमें उनका सोने का कड़ा, मोबाइल एवं पर्स आदि छीन लिए गए। उल्लेखनीय है कि घटना स्थल माननीय मुख्यमंत्री निवास एवं श्यामला हिल थाना के अत्यंत निकट स्थित है तथा यह मार्ग अत्यधिक व्यस्त एवं संवेदनशील क्षेत्र माना जाता है। कार्यालयीन समय में इस प्रकार की घटना का होना कानून-व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न खड़े करता है।
इस हमले में डॉ. वर्मा को गंभीर चोटें आई हैं तथा उनके कूल्हे की हड्डी (Hip Bone) में फ्रैक्चर हुआ है। वे वर्तमान में उपचाराधीन हैं एवं सर्जरी हेतु भर्ती हैं। उनकी आयु को देखते हुए यह चोट दीर्घकालिक स्वास्थ्य एवं सेवा कार्य पर प्रभाव डाल सकती है।
मैं, डॉ. जी. के. अग्रवाल एवं गांधी चिकित्सा महाविद्यालय, भोपाल के सभी पूर्व छात्र एवं वर्तमान में कार्यरत चिकित्सक, इस घटना की घोर निंदा करते हुए शासन एवं प्रशासन से निम्न मांग करते हैं:
– दोषियों की शीघ्र पहचान कर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए
– घटना की गहन जांच कर वास्तविक कारणों का पता लगाया जाए
– चिकित्सकों की सुरक्षा हेतु विशेष एवं प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए
– डॉ. मनोज वर्मा को शासन द्वारा आवश्यक आर्थिक सहायता प्रदान की जाए
यह घटना न केवल एक चिकित्सक पर हमला है, बल्कि पूरे चिकित्सा समुदाय की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर विषय है। हम सभी डॉ. वर्मा के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हैं।
जारीकर्ता:
डॉ. जी. के. अग्रवाल
एवं गांधी चिकित्सा महाविद्यालय, भोपाल के सभी पूर्व छात्र एवं वर्तमान में कार्यरत चिकित्सक


