एलएनसीटी कॉलेज की प्रिया ठाकुर 400 मी. नागेश रैकवार रहे विजेता


भोपाल, लक्ष्मी नारायण कॉलेज ऑफ टेक्नोलॉजी (एलएनसीटी), रायसेन रोड में 9वें इंजीनियर ओलंपिक्स का भव्य शुभारंभ किया गया। यह प्रतियोगिता 11 से 15 अप्रैल 2026 तक दूधिया रोशनी में आयोजित की जा रही है। इस बहु-खेल प्रतियोगिता में बास्केटबॉल, बैडमिंटन, कबड्डी, वॉलीबॉल, चाइनीज़ चेकर, गली क्रिकेट, रस्साकशी, क्रिकेट, एथलेटिक्स, पावरलिफ्टिंग, फुटबॉल, खो-खो, टेबल टेनिस, कैरम, शतरंज एवं पिकलबॉल जैसे विभिन्न खेलों का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता में विभिन्न शिक्षण संस्थानों के लगभग 4500 से अधिक खिलाड़ी भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। एलएनसीटी यूनिवर्सिटी के स्पोर्ट्स डायरेक्टर पंकज जैन ने बताया कि एलएनसीटी ग्रुप के सचिव डॉ. अनुपम चौकसे के जन्मदिन के अवसर पर इस आयोजन को “इंजीनियर ओलंपिक्स” के रूप में मनाया जाता है। यह आयोजन पिछले 9 वर्षों से लगातार आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम का शुभारंभ कल डॉ. अशोक कुमार राय डायरेक्टर एडमिनिस्ट्रेशन एलएनसीटी एवं ललित पारीक एडमिशन हेड एलएनसीटी यूनिवर्सिटी द्वारा सैकड़ों खिलाड़ियों की उपस्थिति में केक काटकर किया गया। इस अवसर पर लकी ड्रॉ के माध्यम से बैडमिंटन रैकेट, वॉलीबॉल, टी-शर्ट, बैग एवं ट्रैक सूट आदि वितरित किए गए। सभी विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। एथलेटिक्स महिला वर्ग 200 मीटर दौड़ में प्रिया ठाकुर (एलएनसीटीयू) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि रेणु द्वितीय स्थान पर रहीं। पुरुष वर्ग 400 मीटर दौड़ में नागेश रैकवार (एलएनसीटीयू) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि प्रिंस कुमार सिंह (एसआईआरटी) द्वितीय स्थान पर रहे। टेबल टेनिस बालक वर्ग के फाइनल में ऋषभ मीना (सेज, भोपाल) ने दिव्यांश शर्मा (जेएलयू) को 2-1 से हराकर विजेता बने। बालिका वर्ग में ऋषिका मीना (जवाहर) ने ऐश्वर्या जैन (ओरिएंटल) को 3-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया। फुटबॉल पुरुष वर्ग के मुकाबलों में डॉमिनेटर ने यूआईटी को 2-0 से पराजित किया। एलीट फुटबॉल क्लब ने एसआईआरटी को 2-0 से हराया। नाइजीरियन फुटबॉल क्लब ने सनसिटी फुटबॉल क्लब को 8-1 से पराजित किया। एलएनसीटी ने एक्सट्रीम फुटबॉल क्लब को 4-2 से हराया। ओरिएंटल ने देवभूमि फुटबॉल क्लब को 2-0 से पराजित किया। रायसेन ने आरबीएफसी को 3-0 से हराया, जबकि आरकेडीएफ ने फैंटम फुटबॉल क्लब को 2-0 से हराया।
यह आयोजन खिलाड़ियों के लिए एक महत्वपूर्ण मंच साबित हो रहा है, जहां वे अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं और खेल भावना को बढ़ावा दे रहे हैं।



