ईरान के पास अमेरिका का सैन्य विमान गायब, आखिरी बार इमरजेंसी का दिया था संदेश


नई दिल्ली:ईरान के पास फारस की खाड़ी के ऊपर उड़ान भर रहा अमेरिका का एक सैन्य विमान लापता हो गया है. अमेरिकी वायु सेना का ये बोइंग केसी-135 स्ट्रैटोटैंकर है. इसने 7700 संकट का संकेत भी जारी किया था, जो उड़ान के दौरान आपातकाल का संकेत होता है.फ्लाइटराडार24 के आंकड़ों के अनुसार, मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच ईरान के तट से दूर फारस की खाड़ी के ऊपर उड़ान भरते समय आपात स्थिति की घोषणा की थी. ये विमान अमेरिकी सैन्य विमानों के लिए एक उड़ते हुए ईंधन स्टेशन के रूप में काम करता था. अमेरिकी विमान ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के अल धाफरा हवाई अड्डे से उड़ान भरी थी, लेकिन कतर के ऊपर पहुंचने पर उसने कांटेक्ट खो दिया. खबरों के मुताबिक, यह विमान मध्य पूर्व में चल रहे सैन्य अभियानों के सपोर्ट में तैनात था.उड़ान ट्रैकिंग डेटा से पता चलता है कि विमान उतरने से पहले कुछ देर तक हवा में चक्कर लगाता रहा. आपात स्थिति का सटीक कारण अभी पता नहीं चल पाया है. वहीं इस घटना को किसी भी हमले की कार्रवाई से जोड़े जाने को लेकर भी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
ईरान की अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी फ़ार्स ने फ्लाइटराडार24 के आंकड़ों का हवाला देते हुए विमान के लापता होने की सूचना दी. हालांकि ईरान की ओर से अमेरिकी सैन्य विमान की आपात स्थिति में ईरान की संलिप्तता का कोई संकेत देने वाला बयान नहीं आया है.
अमेरिकी सेना ने भी विमान की स्थिति को लेकर कोई बयान जारी नहीं किया है. मार्च में, पश्चिमी इराक में ईरानी हमले में अमेरिकी सेना ने एक KC-135 विमान खो दिया था. ईरान समर्थित सशस्त्र गुटों के संगठन, इस्लामिक रेजिस्टेंस इन इराक ने इस हमले की जिम्मेदारी ली थी. रॉयटर्स के अनुसार, समूह ने कहा था कि उसने “अपने देश की संप्रभुता और हवाई क्षेत्र की रक्षा में” विमान को मार गिराया है.
KC-135 स्ट्रैटोटैंकर क्या है?
KC-135 स्ट्रैटोटैंकर एक सैन्य विमान है जो स्वेप्ट विंग्स के नीचे लगे चार टर्बोफैन इंजनों से संचालित होता है और मुख्य रूप से हवाई ईंधन भरने के लिए उपयोग किया जाता है. ईंधन भरने की प्रणाली के ऊपर एक कार्गो डेक होता है, जिससे यह यात्रियों और उपकरणों दोनों को ले जा सकता है, और इसका उपयोग हवा में अन्य विमानों को ईंधन उपलब्ध कराने के लिए किया जाता है. यह 60 से अधिक सालों से अमेरिकी वायु सेना के अभियानों का हिस्सा रहा है.



