श्री नागेश्वरी अम्मन मंदिर में महाकुंभिषेकम संपन्न


भोपाल। राजधानी के गोविंदपुरा मार्केट स्थित श्री नागेश्वरी अम्मन मंदिर में श्री सिद्धि विनायक, श्री नागेश्वरी अम्मन, श्री लिंगोत्भवर एवं श्री नवग्रह मंदिर के जीर्णोद्धार उपरांत अष्टबंदन महाकुंभिषेकम का भव्य आयोजन किया गया। यह मंगलमय धार्मिक कार्यक्रम तीन दिनों तक श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य मंदिर की आध्यात्मिक ऊर्जा को पुनर्स्थापित करना तथा श्रद्धालुओं को शुभ आशीर्वाद प्रदान करना रहा। साथ ही इस पवित्र अनुष्ठान के माध्यम से देश में अमन-चैन, सुख-समृद्धि एवं सामाजिक सद्भाव बनाए रखने की कामना की गई। तीन दिवसीय कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर को आकर्षक रूप से सजाया गया। विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान, हवन-पूजन एवं अभिषेकम के माध्यम से श्रद्धालुओं को गहन आध्यात्मिक अनुभूति प्राप्त हुई। बड़ी संख्या में भक्तों की उपस्थिति ने आयोजन को और भी भव्य बना दिया। आयोजन में समिति के पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिनमें पी. राजू (अध्यक्ष), सुब्रह्मण्य (उपाध्यक्ष), विजय कुमार (उपाध्यक्ष), शंकर स्वामी (महासचिव), संतोष कुमार (सचिव), कार्तिक (कोषाध्यक्ष), कार्तिक अय्यर, एम. सुब्रमण्यम, मुकेश एवं पुन्नू स्वामी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। इस प्रकार का धार्मिक आयोजन न केवल आस्था को सशक्त करता है, बल्कि समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार कर लोगों को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का कार्य भी करता है।


