

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के भाई और भाजपा नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव की मौत का मामला गरमाया हुआ है। प्रतीक यादव की मौत के कारणों को लेकर कई प्रकार की चर्चा शुरू हो गई हैं। अखिलेश यादव ने जब उनके स्वास्थ्य की बात की तो प्रतीक यादव के मुंबई में इलाज कराए जाने की बात सामने आई है। दरअसल, बुधवार सुबह प्रतीक को अचेत अवस्था में सिविल अस्पताल लाया गया। यहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। अब केजीएमयू में पोस्टमार्टम की तैयारी चल रही है। चार डॉक्टरों का पैनल शव का पोस्टमार्टम करेगा। इसके बाद ही उनकी मौत की असली वजह सामने आने की बात कही जा रही है। प्रतीक के फेफड़ों से जुड़ी बीमारी से जूझने की बात सामने आ रही है।
फेफड़ों की बीमारी से थे पीड़ित
दावा किया जा रहा है कि प्रतीक यादव फेफड़े की बीमारी से पीड़ित थे। वे फेफड़ों में खून का थक्का जमने का इलाज करा रहे थे। प्रतीक ने पिछले दिनों कई दिनों तक मुंबई में रहकर इस बीमारी का इलाज कराया था। इससे पहले भी अपर्णा यादव से जनवरी 2026 में अनबन के बाद वे मुंबई गए थे। इसके बाद गोवा से उनका वीडियो सामने आया था। इस दौरान वे जीवन का आनंद लेते दिखे थे। तीन दिन पहले भी प्रतीक यादव की तबीयत अचानक खराब हुई। उन्हें मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया।
फिटनेस फ्रीक को भी बीमारी
प्रतीक यादव फिटनेस की दुनिया का जाना-माना नाम थे। लखनऊ में उनका जिम काफी चर्चित है। वे स्वयं भी बॉडी ट्रांसफॉर्मेशन के जरिए युवाओं को सेहत का संदेश देते दिखते थे। हालांकि, बीमारी ने उन्हें भी मात दे दी। बुधवार भोर उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। लखनऊ पुलिस के अनुसार, प्रतीक को सुबह 6:15 बजे उनके परिवार वाले अस्पताल लेकर आए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
कहा जा रहा है कि प्रतीक यादव की बुधवार सुबह 5:30 बजे से तबीयत अचानक बिगड़ गई। इसके बाद उन्हें सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया । डॉक्टरों ने अस्पताल में उन्हें ब्रॉड डेड घोषित करते हुए बॉडी को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। डॉक्टरों का कहना है कि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पता चलेगा।
2012 में हुई थी चर्चा
प्रतीक यादव की चर्चा वर्ष 2012 में खूब हुई थी, जब उन्हें एक इंटरनेशनल स्तर पर सराही गई बॉडीबिल्डिंग वेबसाइट पर महीने के अंतरराष्ट्रीय ट्रांसफॉर्मेशन के रूप में दिखाया गया उन्होंने अपने इस ट्रांसफॉर्मेशन का श्रेय मुलायम सिंह यादव को दिया था। उन्होंने तब कहा था कि मुलायम सिंह यादव ने उनका करीब एक दशक तक हौसला बढ़ाया। इस कारण वे इस प्रकार की बॉडी विकसित करने में सफल रहे।



