मनोरंजनविदेश

ईरान की एक्ट्रेस को रोमांटिक मैसेज भेजने पर फ्रांस के राष्ट्रपति को पत्नी ने मारा था थप्पड़

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और उनकी पत्नी ब्रिजिट मैक्रों का एक वीडियो पिछले साल दुनियाभर में चर्चा का विषय बन गया था. वीडियो में दिखा था कि वियतनाम दौरे के दौरान प्लेन का दरवाजा खुलते ही ब्रिजिट ने अचानक मैक्रों के चेहरे को हाथ से धक्का दिया था. उस समय राष्ट्रपति ने इसे मजाक और “मस्ती” बताया था. लेकिन अब एक नई किताब में दावा किया गया है कि इस घटना के पीछे असली वजह कुछ और थी. किताब के मुताबिक ईरान की एक एक्ट्रेस को भेजे कथित मैसेज को लेकर दोनों के बीच बहस हुई थी, जिसने माहौल बिगाड़ दिया था.

दरअसल यह घटना मई 2025 में वियतनाम के हनोई एयरपोर्ट पर हुई थी. प्लेन का दरवाजा खुलने के बाद राष्ट्रपति के चेहरे पर उनकी पत्नी द्वारा धक्का देने का पूरा मंजर न्यूज एजेंसी एपी के कैमरे में रिकॉर्ड हो गया था. उस समय तो राष्ट्रपति ने इसे पति-पत्नी के बीच का मजाक कहकर टाल दिया था लेकिन अब दोनों पर लिखी गई एक नई किताब ने इस घटना को लेकर अलग कहानी पेश की है.

किताब में क्या दावा किया गया है?

इस किताब का नाम “Un Couple (Presque) Parfait” है जिसका हिंदी में अर्थ होता है- “एक (लगभग) परफेक्ट जोड़ा”. इस किताब को फ्लोरियन टार्डीफ ने लिखा है, जो पेरिस मैच मैगजीन के राजनीतिक संवाददाता हैं. किताब में दावा किया गया है कि फर्स्ट लेडी ब्रिजिट मैक्रों उस समय गुस्से में थीं क्योंकि उन्होंने अपने पति के फोन पर निर्वासन में रह रही ईरानी एक्ट्रेस गोल्शिफ्ते फरहानी (Golshifteh Farahani) को भेजा मैसेज देख लिया था.लेखक फ्लोरियन टार्डिफ का दावा है कि उस मैसेज के बाद ब्रिजिट मैक्रों को डर लगने लगा था कि उनके पति उन्हें छोड़कर फराहानी के साथ जा सकते हैं.

हालांकि ब्रिजिट मैक्रों के करीबी एक सूत्र ने फ्रांसीसी अखबार Le Parisien को बताया कि उन्होंने मार्च में टार्डिफ को दिए इंटरव्यू में इस बात को “पूरी तरह खारिज” किया था कि उन्होंने किसी मैसेज की वजह से अपने पति को थप्पड़ मारा था. सूत्र ने कहा कि ब्रिजिट ने साफ कहा था कि वह “कभी अपने पति का फोन नहीं देखतीं.”

42 साल की गोलशिफ्ते फराहानी ने भी 48 साल के मैक्रों के साथ किसी रोमांटिक रिश्ते से इनकार किया है. टार्डिफ ने भी कहा कि दोनों के बीच रिश्ता “सिर्फ दोस्ती” वाला था. हालांकि RTL रेडियो को दिए इंटरव्यू में अपनी किताब का प्रचार करते हुए टार्डिफ ने कहा कि राष्ट्रपति मैक्रों ने एक्ट्रेस को ऐसे मैसेज भेजे थे जो “काफी आगे तक चले गए थे.” उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि कथित तौर पर मैक्रों ने लिखा था, “मुझे आप बहुत खूबसूरत लगती हैं.”

किताब में दावा किया गया है कि एक्ट्रेस का एक मैसेज राष्ट्रपति को मिला, जिसके बाद मैक्रों और उनकी पत्नी के बीच बहस हुई और वही विवाद उस थप्पड़ जैसी घटना तक पहुंच गया. लेखक ने तो दावा किया है कि किताब में जो कुछ भी है, वह फैक्ट है और सिर्फ फैक्ट है.

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button