खेल

आखिरी 18 गेंदों में 50 रन नहीं बचा सके पंजाब के गेंदबाज

लगातार पांचवां मैच हारी श्रेयस की टीम

आईपीएल की शुरुआत से ही पंजाब किंग्स की गेंदबाजी यूनिट सवालों के घेरे में रही है। बल्लेबाजों के दम पर 200 का स्कोर बनाने वाली टीम के गेंदबाज डिफेंड करने में नाकाम रहे। इसका मुजायरा आज के मैच में देखने को मिला, जब आखिरी 18 गेंदों पर मुंबई को जीत के लिए 50 रनों की जरूरत थी और गेंदबाज विफल रहे। बता दें कि, गुरुवार को धर्मशाला में खेले गए आईपीएल मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पंजाब ने प्रभसिमरन सिंह की अर्धशतकीय पारी की मदद से 20 ओवर में आठ विकेट पर 200 रन बनाए। जवाब में मुंबई ने 19.5 ओवर में चार विकेट पर 205 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया। पंजाब के लिए अजमतुल्लाह ओमरजई ने दो विकेट लिए जबकि मार्को यानसेन और युजवेंद्र चहल ने एक-एक सफलता अपने नाम की।

आखिरी 18 गेंदों में 50 रन नहीं डिफेंड कर सके पंजाब के गेंदबाज
रोहित शर्मा और रेयान रिकेल्टन ने मुंबई को इस मैच में अच्छी शुरुआत दिलाई थी। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 61 रनों की साझेदारी हुई, जिसके ओमरजई ने तोड़ा। उन्होंने रिकेल्टन को प्रियांश आर्या के हाथों कैच कराया। वह 23 गेंदों में 48 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद यानसेन ने नमन धीर को पवेलियन भेजा। वह सिर्फ नौ रन बना सके। वहीं, रोहित (25) भी चहल का शिकार बने। 88 पर तीन विकेट खो चुकी मुंबई को एक बड़ी साझेदारी की जरूरत थी। मोर्चा तिलक वर्मा और शेरफेन रदरफोर्ड ने संभाला। दोनों के बीच 42 गेंदों में 61 रनों की साझेदारी हुई। इस दौरान रदरफोर्ड 20 रन बनाकर आउट हुए। उस वक्त मुंबई का स्कोर चार विकेट पर 149 रन था। अब बल्लेबाजी के लिए विल जैक्स आए। उन्होंने तिलक वर्मा के साथ पांचवें विकेट के लिए 20 गेंदों में 56 रनों की नाबाद साझेदारी की और टीम की जीत सुनिश्चित की। इस दौरान तिलक ने 25 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और 33 गेंदों में 75 रन बनाकर नाबाद रहे। वहीं, विल जैक्स 10 गेंदों में दो चौके और दो छक्के की मदद से 25 रनों की पारी खेलकर नाबाद रहे।

इस मुकाबले ने पंजाब के गेंदबाजी आक्रमण की कलई खोल दी। जब आखिरी 18 गेंदों में टीम के गेंदबाज 50 रन नहीं डिफेंड कर सके। 18वें ओवर में यानसेन ने 22 रन लुटाए। इसके बाद गेंदबाजी के लिए आए अर्शदीप सिंह ने 15 रन लुटाए। अब आखिरी छह गेंदों पर मुंबई को 15 रनों की जरूरत थी, गेंद बार्टलेट को थमाई गई। लेकिन दबाव की परिस्थितियों में बार्टलेट कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और मुंबई ने शानदार अंदाज में मुकाबला अपने नाम किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button