

गाजियाबाद के मुरादनगर के रावली कला गांव में शनिवार तड़के एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। 80 वर्षीय एक बुजुर्ग ने अपनी 72 वर्षीय पत्नी पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। इस सनसनीखेज हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपी पति खुद थाने पहुंचा और पुलिस को घटना की जानकारी दी। इस वारदात ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है और लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह लगभग चार बजे हरपाल पुत्र खचेडू निवासी रावली कला, थाना मुरादनगर ने रावली चौकी पहुंचकर पुलिस को सूचना दी कि उसने अपनी पत्नी को कुल्हाड़ी से काट दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत हरकत में आई और मौके पर पहुंची।



