एमपी ट्रांसको के नवागत असिस्टेंट इंजीनियर्स ने नागपुर के प्रतिष्ठित नेशनल पावर ट्रेनिंग इंस्टिट्यूट में प्राप्त किया उच्च स्तरीय प्रशिक्षण


भोपाल । मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) के 46 नव-नियुक्त असिस्टेंट इंजीनियरों ने देश के प्रतिष्ठित नेशनल पावर ट्रेनिंग इंस्टिट्यूट (एनपीटीआई), नागपुर में आयोजित 12 सप्ताह का विशेष प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण किया।
नये शामिल इंजीनियर्स की तकनीकी दक्षता एवं व्यावसायिक क्षमता को सुदृढ़ करने के मूल उद्देश्य से आयोजित इस
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान वर्ष 2025 के ए बैच के इंजीनियरों को विद्युत पारेषण प्रणाली, ग्रिड प्रबंधन, सबस्टेशन संचालन एवं अनुरक्षण, सुरक्षा मानकों, आधुनिक तकनीकी उपकरणों तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित निर्णय क्षमता से संबंधित उन्नत विषयों का व्यवहारिक एवं तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
-तकनीकी चुनौतियों का दक्षतापूर्वक सामना करें :- एमडी सुनील तिवारी
असिस्टेंट इंजीनियर के सफलतापूर्वक
प्रशिक्षण समाप्ति पर एमपी ट्रांसको के प्रबंध संचालक सुनील तिवारी ने अपने संदेश में कहा कि
प्रशिक्षु असिस्टेंट इंजीनियर इस प्रतिष्ठित संस्था मे प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त ज्ञान एवं अनुभव का उपयोग कंपनी की कार्यक्षमता बढ़ाने तथा प्रदेश मे गुणवत्तापूर्ण एवं निर्बाध विद्युत पारेषण व्यवस्था सुनिश्चित करने में करेगें । उन्होंने कहा कि इंजीनियरों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण उपलब्ध कराने का उद्देश्य उन्हें आधुनिक तकनीकों एवं वैश्विक कार्यप्रणालियों से परिचित कराना है, ताकि वे भविष्य में कंपनी की तकनीकी चुनौतियों का दक्षतापूर्वक सामना कर सकें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रशिक्षण प्राप्त इंजीनियर अपनी ऊर्जा, नवाचार एवं तकनीकी दक्षता से एमपी ट्रांसको की कार्यसंस्कृति और कार्यक्षमता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
-इनका रहा प्रमुख योगदान –
नागपुर में आयोजित 12 सप्ताह के इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल संचालन एवं प्रभावी क्रियान्वयन में अधीक्षण अभियंता श्री सुनील यादव एवं प्रशिक्षण के नोडल अधिकारी एवं अधीक्षण अभियंता श्री नवीन पांडे का विशेष योगदान रहा। इन अधिकारियों द्वारा प्रशिक्षण अवधि के दौरान सतत निगरानी एवं समन्वय करते हुए इंजीनियरों को उत्कृष्ट एवं गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण उपलब्ध कराया गया।


