खबरमध्य प्रदेश

मानव संग्रहालय में अंतर्राष्ट्रीय संग्रहालय दिवस के अवसर पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन

भोपाल । इन्दिरा गाँधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय द्वारा अंतर्राष्ट्रीय संग्रहालय दिवस 2026 के अवसर पर 17 एवं 18 मई को विविध रचनात्मक, शैक्षणिक एवं मनोरंजक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। संग्रहालय निदेशक प्रो अमिताभ पांडे ने बताया कि इन कार्यक्रमों का उद्देश्य संग्रहालयों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना, युवाओं एवं बच्चों को सांस्कृतिक धरोहरों से जोड़ना तथा विज्ञान, इतिहास एवं संस्कृति के प्रति रुचि विकसित करना है। समारोह के अंतर्गत प्रथम कार्यक्रम “खजाने की खोज (Treasure Hunt)” दिनांक 17 मई 2026 को प्रातः 7:30 बजे से आरम्भ होगा । इस रोचक एवं ज्ञानवर्धक में प्रतिभागियों को शामला हिल्स स्थित सांस्कृतिक धरोहरों एवं मानव संग्रहालय की विविध दीर्घाओं एवं प्रादर्शों से जुड़े संकेतों के माध्यम से खोज अभियान पूरा करना होगा। प्रतियोगिता में विजेताओं हेतु आकर्षक पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं। प्रथम विजेता को ₹5000, द्वितीय विजेता को ₹3000 तथा तृतीय विजेता को ₹2000 की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त दो प्रतिभागियों को ₹1000-₹1000 के सांत्वना पुरस्कार भी दिए जाएंगे। तथा सभी प्रतिभागियों को प्रतिभागिता पुरस्कार भी प्रदान किए जाएँगे । इस गतिविधि में दो प्रतिभागियों की एक टीम अपने वैध दो पहिया लाइसेंस सहित भाग ले सकेंगे । इससे उनमें टीम भावना, तार्किक क्षमता एवं संग्रहालयीय ज्ञान को प्रोत्साहित करेगी।
इसी दिन पूर्वाह्न 11:00 बजे “भोपाल के विभिन्न संग्रहालयों का भ्रमण” कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस विशेष पहल के अंतर्गत प्रतिभागियों को भोपाल स्थित प्रमुख संग्रहालयों का भ्रमण कराया जाएगा, जिससे उन्हें शहर की समृद्ध सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक विरासत को निकट से जानने का अवसर प्राप्त होगा। प्रतिभागियों के लिए मानव संग्रहालय से निःशुल्क एसी बस सुविधा उपलब्ध रहेगी, जो भ्रमण उपरांत पुनः संग्रहालय परिसर में ही समाप्त होगी। कार्यक्रम में सहभागिता “पहले आओ, पहले पाओ” के आधार पर सुनिश्चित की जाएगी, जिसके लिए पूर्व पंजीयन आवश्यक होगा। अंतर्राष्ट्रीय संग्रहालय दिवस समारोह का विशेष आकर्षण “एस्ट्रो-नाईट (Astro-Night)” कार्यक्रम होगा, जिसका आयोजन 18 मई 2026 को सायं 6:00 बजे मानव संग्रहालय की पहाड़ी पर किया जाएगा। यह कार्यक्रम क्षेत्रीय विज्ञान केंद्र भोपाल के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में दूरबीनों के माध्यम से तारा-दर्शन एवं खगोलीय गतिविधियों का अवलोकन करने का अवसर मिलेगा। विज्ञान एवं अंतरिक्ष के प्रति जिज्ञासा रखने वाले विद्यार्थियों एवं नागरिकों के लिए यह कार्यक्रम विशेष रूप से आकर्षण का केंद्र रहेगा।
संग्रहालय के जनसंपर्क अधिकारी हेमंत बहादुर सिंह परिहार ने सभी आयु वर्ग के विद्यार्थियों,नागरिकों से इन कार्यक्रमों में सहभागिता कर अंतर्राष्ट्रीय संग्रहालय दिवस 2026 को उत्साहपूर्वक मनाने एवं सांस्कृतिक धरोहरों से रूबरू होने का आग्रह किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button