

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान के ब्लेसिंग हाउस सेवाकेंद्र के गुणमोती हॉल में आध्यात्मिकता और योग का अद्भुत संगम देखने को मिला। सेवाकेंद्र प्रभारी बी.के. डॉ रीना दीदी ने कहा कि राजयोग मेडिटेशन का महत्व बताते हुए कहा कि वर्तमान समय में बाहरी स्वास्थ्य के साथ आंतरिक शांति भी अत्यंत आवश्यक है। शरीर को स्वास्थ्य, मन को शांति और आत्मा को शक्ति योग से प्राप्त होती है। राजयोग हमें परमात्मा से जोड़कर मन की चंचलता को समाप्त करता है और जीवन में सुख, शांति, प्रेम एवं शक्ति का संचार करता है। दीदी ने उपस्थित जनसमूह को सकारात्मक सोच, आध्यात्मिक मूल्यों एवं तनावमुक्त, नशामुक्त जीवन का संदेश दिया।
योग से आत्मबल, योग से विश्वकल्याण की भावना के साथ आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में लगभग 100 से भी अधिक भाई बहनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए स्वस्थ, संतुलित एवं मूल्यनिष्ठ जीवन जीने का एवं समाज को योगमय बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में योग कराने हेतु श्री जितेंद्र योगाचार्य दिव्य ज्योति संस्थान के संस्थापक ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक दृढ़ता और आत्मिक शांति प्रदान करता है। उन्होंने सभी को योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया। एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। साथ साथ योग प्रशिक्षक श्रीमती संगीता शुक्ला एवं योग प्रशिक्षक उत्कर्षा जी ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन तथा उनके स्वास्थ्य लाभों की विस्तृत जानकारी दी। उपस्थित जनसमूह ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ योगाभ्यास किया। कार्यक्रम में पधारे अतिथियों का ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान की ओर से स्वागत, सम्मान किया गया।
बीके स्वामी भाई ने कहा कि मैं महसूस कर रहा हूँ कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम योग और अध्यात्म के समन्वय का प्रेरणादायी उदाहरण बनकर उपस्थित जनसमुदाय के हृदय में अमिट छाप छोड़ गया।
इस अवसर पर बीके मंजू दीदी, बीके कुंती दीदी, बीके द्वारिका दीदी, बीके ऋचा, बीके रावेंद्र भाई, बीके स्वामी भाई आदि की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के दौरान सामूहिक राजयोग मेडिटेशन का विशेष सत्र आयोजित किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने गहन शांति, आत्मिक शक्ति और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव किया। विश्व शांति, मानव कल्याण एवं स्वस्थ समाज की कामना के साथ सभी ने योगमय जीवन अपनाने का संकल्प लिया। एवं समाज के विभिन्न वर्गों से जुड़े गणमान्य नागरिकों, महिलाओं, युवाओं एवं बच्चों ने सहभागिता कर योगमय जीवन अपनाने का संकल्प लिया। सभी को नशामुक्त, तनावमुक्त और मूल्यनिष्ठ जीवन जीने का संदेश देते हुए विश्व शांति एवं मानव कल्याण के लिए सामूहिक योग-संकल्प भी कराया गया।
अंत में सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया तथा भोग वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
कार्यक्रम को एकसूत्र में बांधने का कार्य एवं कुशल मंच संचालन बीके राहुल भाई ने किया।



