खबरमध्य प्रदेश

आध्यात्मिक ज्ञान एवं योग शिक्षा के मार्गदर्शन में जिला जेल में हुआ नशा मुक्ति कार्यक्रम

विदिशा। स्थित जिला जेल में ब्रह्माकुमारीज़ द्वारा आध्यात्मिक ज्ञान एवं राजयोग शिक्षा पर आधारित नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पूर्व लायंस अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अखिल भारतीय स्वर्णकार महासभा लायन अरुण कुमार सोनी ने बताया कि कार्यक्रम में 200 से अधिक कैदियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के माध्यम से जेल परिसर में नशा मुक्ति एवं सकारात्मक जीवन का संदेश गूंज उठा।

इस अवसर पर माउंट आबू से पधारे बीके राजू भाई, रीवा से बीके प्रकाश भाई तथा भोपाल से बीके महेंद्र भाई विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन विदिशा के ब्रह्माकुमारीज़ बालाजीपुरम सेवा केंद्र से बीके सपना दीदी द्वारा किया गया।

अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में बीके राजू भाई ने कर्मों के गहन रहस्य पर प्रकाश डालते हुए सभी कैदियों को नशे का पूर्ण त्याग कर श्रेष्ठ जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि वे भारत और नेपाल में लगभग 850 से अधिक ब्रह्माकुमारी सेवा केंद्रों, 450 से अधिक स्कूल एवं कॉलेजों तथा 150 से अधिक कारागारों में आध्यात्मिक ज्ञान, योग शिक्षा, नशा मुक्ति और व्यक्तित्व विकास जैसे विषयों पर लगभग 2000 से अधिक कार्यक्रमों में मार्गदर्शन दे चुके हैं।

बीके सपना दीदी ने अपने संबोधन में बताया कि सच्ची खुशी बाहरी साधनों से नहीं, बल्कि आत्मिक जागरूकता से प्राप्त होती है। उन्होंने आध्यात्मिक ज्ञान का परिचय देते हुए सभी को अपने जीवन में खुशी धारण करने तथा दूसरों को भी खुशी देने की प्रेरणा दी।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित कैदियों ने नशामुक्त एवं सकारात्मक जीवन जीने का संकल्प लिया। यह कार्यक्रम आत्मपरिवर्तन, सकारात्मक सोच एवं नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रहा।
“नशा वो दीमक है जो इंसान को अंदर से खोखला करता है, और बाहर से उसके पूरे परिवार को बिखेर देता है।”
—- लायन अरुण कुमार सोनी

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button