संत शिरोमणि आचार्य विद्यासागर जी के दीक्षा दिवस पर भारत भारती जैन मंडल ने किया सेवा कार्य; बांटे पौधे और वस्त्र

विदिशा। संत शिरोमणि परम पूज्य आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज के पावन दीक्षा दिवस के शुभ अवसर पर ‘भारत भारती जैन मंडल’ द्वारा समाज सेवा और पर्यावरण संरक्षण की अनूठी मिसाल पेश की गई। मंडल द्वारा जिला अस्पताल के प्रसूति गृह (मैटर्निटी वार्ड) में भर्ती महिलाओं और नवजात शिशुओं के लिए वस्त्र, दूध, बिस्किट एवं तुलसी के पौधों का वितरण किया गया।
15 वर्षों से निरंतर जारी है सेवा का संकल्प
भारत भारती जैन मंडल की प्रमुख श्रीमती नीता सराफ ने बताया कि आचार्य श्री के दीक्षा दिवस के उपलक्ष्य में मंडल पिछले लगभग 15 वर्षों से लगातार इस तरह के सेवा कार्यों का आयोजन करता आ रहा है। इसी परंपरा को निभाते हुए इस वर्ष भी अस्पताल में भर्ती ऑपरेशन वाली महिलाओं को डायपर, नवजात बच्चों को झबला एवं बिछाने के कपड़े तथा दूध व बिस्किट पैकेट वितरित किए गए।
पर्यावरण संरक्षण का संदेश:
200 तुलसी पौधों का वितरण
स्वास्थ्य लाभ के साथ-साथ पर्यावरण और आरोग्यता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मंडल द्वारा प्रसूति गृह में उपस्थित महिलाओं और परिजनों को 200 तुलसी के पौधों का निःशुल्क वितरण किया गया, ताकि लोग अपने घरों में औषधीय पौधों को रोपकर स्वस्थ जीवन अपना सकें।
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
इस पुनीत कार्य के दौरान मंडल की प्रमुख नीता सर्राफ के साथ विद्युत जैन, सरिता जैन, लता जैन, सविता जैन, रीता जैन, साक्षी जैन, शर्मिला जैन, विभा जैन, शालु जैन, नीतू जैन, आरती जैन, नम्रता जैन, प्रतीक्षा जैन, शशि जैन सहित मंडल की अन्य महिला सदस्य एवं शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
यह संपूर्ण जानकारी पूर्व लायंस अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अखिल भारतीय स्वर्णकार महासभा लायन अरुण कुमार सोनी द्वारा मीडिया को प्रदान की गई। उन्होंने मंडल के इस मानवीय और अनुकरणीय प्रयास की सराहना करते हुए सभी को आचार्य श्री के दीक्षा दिवस की शुभकामनाएं दीं।






