खबरमध्य प्रदेश

सुदृढ़ पारेषण व्यवस्था के माध्यम से राष्ट्र निर्माण की ऊर्जा बन रही है एमपी ट्रांसको

80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में एम डी सुनील तिवारी का संबोधन:28 कार्मिकों को किया सम्मानित

भोपाल । मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) के मुख्यालय में 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण एवं पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रबंध संचालक सुनील तिवारी ने कहा कि एमपी ट्रांसको अपने अस्तित्व में आने के बाद से ही उत्कृष्ट प्रदर्शन करती रही है और देश की उन चुनिंदा शासकीय पावर कंपनियों में शामिल है, जो लगातार फायदे में संचालित हो रही हैं।

उन्होंने कहा कि कंपनी प्रदेशवासियों को सतत, सुरक्षित और विश्वसनीय विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराते हुए राष्ट्र निर्माण के कार्य में पूरी निष्ठा से अपना दायित्व निभा रही है।

पुरानी पीढ़ी ने किया प्रभावी स्किल ट्रांसफर

एम डी सुनील तिवारी ने कहा कि एमपी ट्रांसको की पुरानी पीढ़ी द्वारा कंपनी कैडर की पहली पीढ़ी को नॉलेज और स्किल का प्रभावी हस्तांतरण किया गया, जिसके सकारात्मक परिणाम आज दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने अनुभवी इंजीनियरों से आह्वान किया कि वे नई पौध को अपने नॉलेज, स्किल और एप्रोच से अवगत कराएं और बेहतर प्रशिक्षण प्रदान करें।
टीम ट्रांसको के समन्वित प्रयासों से मिली सफलता
नई टेक्नोलॉजी, नवाचारों, ई-ऑफिस और नए स्काडा सिस्टम जैसी उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए प्रबंध संचालक ने कहा कि यह सब टीम ट्रांसको के समन्वित प्रयासों का परिणाम है। इसी कार्यसंस्कृति के चलते एमपी ट्रांसको राष्ट्रीय स्तर पर आज तक की न्यूनतम पारेषण हानि और अधिकतम ट्रांसमिशन अवेलेबिलिटी जैसे मानकों पर अग्रणी बनी हुई है।

उन्होंने मानव संसाधन एवं प्रशासन विभाग को नई भर्ती प्रक्रिया सबसे पहले शुरू करने तथा लगभग 2000 कार्मिकों को एक माह से भी कम समय में पदोन्नति देने के लिए बधाई दी। उन्होंने बताया कि संविदा कर्मियों के नियमितीकरण की प्रक्रिया भी शीघ्र प्रारंभ की जाएगी, जिससे नई भर्ती के अवसर बनेंगे।
टावरों की अर्थिंग और आइलैंडिंग स्कीम को मिली राष्ट्रीय पहचान

ट्रांसमिशन टावरों की अलग अर्थिंग प्रणाली के सकारात्मक परिणामों को राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया है और यह नवाचार अन्य यूटिलिटीज़ के लिए प्रेरणास्रोत बना है। इसके अलावा, देश में सबसे पहले आइलैंडिंग स्कीम लागू करने वाला प्रदेश होने की उपलब्धि भी एमपी ट्रांसको के नाम है, जिसका अन्य राज्य अनुसरण कर रहे हैं।
टीबीसीबी परियोजनाओं की सतत मॉनिटरिंग पर जोर

श्री तिवारी ने बताया कि आगामी वर्षों में प्रदेश में लगभग 7000 करोड़ रुपये के ट्रांसमिशन विकास कार्य होने हैं और टीबीसीबी के माध्यम से हो रहे कार्यों को समय पर पूरा कराना बड़ी चुनौती है। उन्होंने बेहतर समन्वय, समयबद्ध क्रियान्वयन और प्रभावी मॉनिटरिंग की आवश्यकता बताई।

विभिन्न श्रेणियों में 28 कार्मिक सम्मानित

समारोह में नवाचार, क्विक रिस्पांस, लीडरशिप, ई-गवर्नेंस, ट्रेनिंग एक्सीलेंस तथा उत्कृष्ट कार्य श्रेणियों में आउटसोर्स कार्मिकों सहित 28 अधिकारियों-कर्मचारियों को प्रबंध संचालक सुनील तिवारी तथा सेवानिवृत्त कार्यपालक निदेशक एवं वरिष्ठ विशेषज्ञ श्री स्वराज शर्मा द्वारा किया गया।

ये हुए पुरस्कृत

नवाचार: कार्यपालन अभियंता श्री नरेन्द्र कुमार तिवारी, अधीक्षण अभियंता श्री मनीष खरे
क्विक रिस्पांस: वरिष्ठ लाइन परिचारक श्री रामलखन कुम्हार, मेंटेनेंस स्टाफ (आउटसोर्स) श्री निवेन्द्र यादव
लीडरशिप: अधीक्षण अभियंता श्री राजेश कुमार शर्मा
ई-गवर्नेंस: संयुक्त संचालक (बिल) श्री विकास श्रीवास्तव
ट्रेनिंग एक्सीलेंस: सहायक अभियंता श्री गणेश प्रसाद राय
उत्कृष्ट कार्य: अधीक्षण अभियंता श्री राजीव अदलखा, वरिष्ठ लाइन परिचारक श्री पी. विवेक राव, कम्प्यूटर ऑपरेटर श्री सौरभ प्रजापति, कार्यालय सहायक श्री निर्मल कुमार शुक्ला, वरिष्ठ सर्वेयर सहायक श्री आदित्यनाथ मिश्रा, सहायक अभियंता श्री सूरज पवार, वरिष्ठ लाइन परिचारक श्री जाधो पवार, लाइन परिचारक श्री मधुर मौसम रैकवार, लाइन परिचारक श्री राकेश ठाकुर, बेल्टमेन श्री महेन्द्र सिंह चौहान, सहायक अभियंता श्री मोहित शर्मा, प्रोग्रामर श्रीमती विविधा डहेरिया, कम्प्यूटर ऑपरेटर श्री प्रवीण गर्ग, कनिष्ठ अभियंता श्री चेतन पाटीदार, वरिष्ठ उपकेन्द्र परिचारक श्री विरेन्द्र सिंह चौहान, वरिष्ठ उपकेन्द्र परिचारक श्री सुरेश कुमार पंद्रे, परीक्षण परिचारक श्री दीपेश कुमार गौंड, शिफ्ट ऑपरेटर श्री सोनू नामदेव, कार्यालय सहायक श्री अतुल कुमार पांडे, श्री सौरभ विश्वकर्मा.

डॉ. एन. टाटा राव स्मृति शील्ड और टेस्टिंग ट्रॉफी भी प्रदान
वर्ष 2025-26 में दक्षता प्रदर्शन के आधार पर सर्वोच्च क्रेस्ट प्रदर्शन हेतु डॉ. एन. टाटा राव स्मृति शील्ड टीएलएम उप संभाग भोपाल को प्रदान की गई। टीएलएम उप संभाग छिंदवाड़ा को उपविजेता शील्ड एवं प्रशस्ति पत्र तथा टीएलएम उप संभाग मेहगांव को तृतीय स्थान हेतु प्रशस्ति पत्र दिया गया।

दक्षता प्रदर्शन के आधार पर सर्वोत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए परीक्षण संभाग शिवपुरी को प्रथम स्थान की विजेता ट्रॉफी एवं प्रशस्ति पत्र मिला। परीक्षण संभाग 400 केव्ही उपकेन्द्र उज्जैन को द्वितीय स्थान की उपविजेता ट्रॉफी तथा परीक्षण संभाग बड़वाह को तृतीय स्थान हेतु प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।

कार्य संस्कृति को सुदृढ़ बनाता है हर सम्मान

समारोह में विशिष्ट अतिथि श्री स्वराज शर्मा ने कहा कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिकों का सम्मान कार्य संस्कृति को सुदृढ़ बनाता है और अन्य कर्मचारियों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करता है। सभी पुरस्कार विजेताओं का चयन कार्यकुशलता, नवाचार, तकनीकी उत्कृष्टता, त्वरित समस्या समाधान, प्रशिक्षण गतिविधियों में योगदान तथा कंपनी के लक्ष्यों की प्राप्ति में उल्लेखनीय भूमिका के आधार पर किया गया।
*

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button