तिरंगा हमें सामाजिक समरसता एवं राष्ट्रीय एकता के सूत्र में बाँधता है, इसके सम्मान की रक्षा करना हमारा कर्तव्य है – योग गुरु महेश अग्रवाल
स्वतंत्रता दिवस समारोह धूमधाम से मनाया गया

भोपाल। आदर्श योग आध्यात्मिक केन्द्र, स्वर्ण जयंती पार्क, कोलार रोड, भोपाल में योग साधकों द्वारा स्वतंत्रता दिवस समारोह धूमधाम एवं उत्साह के साथ प्रातः 6 बजे से 8 बजे तक मनाया गया। इस अवसर पर प्रमुख रूप से वरिष्ठ हस्तरेखा विशेषज्ञ आर. एन. मिश्रा, प्रख्यात बिल्डर सुनील मूलचंदानी, मधुमेह मुक्त भारत अभियान के स्वास्थ्य प्रचारक एवं अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त डॉ. नरेंद्र भार्गव, वरिष्ठ साहित्यकार प्रियदर्शी खैरा, हाइवे बिल्डर मयंक रघुवंशी, रक्षा रघुवंशी, चंद्रहास सिंह चौहान, प्रख्यात ज्योतिषाचार्य रमेश संगमकर, आध्यात्मिक गुरु लता पंजाबी, मोटिवेशनल स्पीकर एवं स्वास्थ्य प्रचारक डॉ प्रेरणा सक्सेना, नीलिमा चंदानी, रुपाली पटेल, अर्चना भटनागर, लता बंजारी, सारंगा नगरारे, उषा सोनी सहित बड़ी संख्या में योग साधक एवं बच्चे उपस्थित रहे।
समारोह में सभी ने सामूहिक योगाभ्यास किया तथा राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं स्वतंत्रता की रक्षा के लिए निरंतर योग साधना करते हुए स्वस्थ रहने और समाज एवं राष्ट्र की सेवा में अपना योगदान देने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर योग गुरु महेश अग्रवाल ने कहा कि तिरंगा हमें सामाजिक समरसता एवं राष्ट्रीय एकता के सूत्र में बाँधता है। इसके सम्मान की रक्षा करना प्रत्येक भारतीय का कर्तव्य है। अनुशासनबद्ध स्वतंत्रता से समाज में व्यवस्था, शांति और समरसता का वातावरण निर्मित होता है।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस देश के ऐसे राष्ट्रीय पर्व हैं, जिनके माध्यम से भारत की एकता और अखंडता की भावना अभिव्यक्त होती है। इन अवसरों पर हर दिल और हर घर में राष्ट्रध्वज तिरंगे के प्रति सम्मान दिखाई देता है। जब तिरंगे के प्रति यह सम्मान हमारे जीवन में आत्मसात होकर राष्ट्रसेवा की भावना में परिवर्तित हो जाता है, तभी राष्ट्रीय पर्व मनाने की सार्थकता सिद्ध होती है।
योग गुरु महेश अग्रवाल ने कहा कि तिरंगा हमारे राष्ट्रीय स्वाभिमान और गौरव का प्रतीक है। इसी तिरंगे की आन, बान और शान के लिए देश के वीर स्वतंत्रता सेनानियों ने अपने जीवन का सर्वोच्च बलिदान दिया। राष्ट्रध्वज के केसरिया, श्वेत और हरे रंग क्रमशः साहस एवं त्याग, शांति एवं सत्य तथा समृद्धि एवं विकास की प्रेरणा देते हैं। तिरंगे के सम्मान की रक्षा करना प्रत्येक भारतीय का परम कर्तव्य है।
उन्होंने कहा कि तीन रंगों वाला हमारा तिरंगा देश के करोड़ों नागरिकों को सामाजिक समरसता, भाईचारे और राष्ट्रीय एकता के एक सूत्र में बाँधता है। हम सभी को संकल्प लेना चाहिए कि वैश्विक मंच पर भारत की आवाज सदैव प्रखरता के साथ गुंजायमान हो तथा प्रत्येक नागरिक अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करते हुए आत्मनिर्भर एवं सशक्त भारत के संकल्प को साकार करने में अपना योगदान दे।
उन्होंने कहा कि तिरंगा हमारी पहचान है, हमारा गौरव है और हमारा राष्ट्रीय स्वाभिमान है। हमें कर्तव्यबोध के साथ राष्ट्र, राष्ट्रीय ध्वज और राष्ट्रगान का सदैव सम्मान करना चाहिए। योग के माध्यम से तन-मन को स्वस्थ रखते हुए राष्ट्र निर्माण में योगदान देना ही स्वतंत्रता दिवस की सच्ची भावना है।





