खबर

लखनऊ में लोहे की जंजीर से दरोगा को मारा, 24 पर मुकदमा, 197 भैंसें उठवाईं; मेयर बोलीं- इलाका साफ कर देंगे

लखनऊ के पारा में अवैध डेयरियों के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम पर पथराव और हमला करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपी महिलाओं खुशबू और आफरीन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामले में नामजद और अज्ञात समेत कुल 24 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

नगर निगम की कैटल कैचर टीम पर हमले के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया। मंगलवार को नगर निगम की टीम के साथ 3 थानों की फोर्स और एक कंपनी पीएसी बल पहुंचा। सभी जवान हेलमेट, बुलेटप्रूफ जैकेट पहने हुए थे। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में निगम की टीम ने 4 मोहल्लों से करीब 197 भैंसें उठवा लीं।

हमले में ये पुलिस कर्मी हुए थे घायल

दरअसल, रविवार को नगर निगम जोन-6 की टीम पुलिस बल के साथ पारा में अवैध डेयरियों के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची थी। पशु कल्याण अधिकारी डॉ. अभिनव वर्मा के मुताबिक टीम ने कार्रवाई शुरू की तो कुछ लोगों ने विरोध करते हुए पथराव कर दिया। हमलावरों ने बुद्धेश्वर चौकी प्रभारी दरोगा विनय पटेल को दौड़ाकर पीटा। आरोप है कि उन पर लोहे की चेन से भी हमला किया गया। मारपीट में उनकी वर्दी फट गई और वह कीचड़ में गिरकर घायल हो गए। उनके सिर में छह टांके लगे हैं।हमले में नगर निगम के तीन कर्मचारी अवधेश कुमार, अभिनव और फुरकान भी घायल हुए। इसके अलावा निगम के तीन सरकारी वाहनों के शीशे तोड़ दिए गए। मामले में चौकी प्रभारी और नगर निगम की ओर से पारा थाने में तहरीर दी गई है।

इंस्पेक्टर पारा सुरेश सिंह के मुताबिक अबरार, इमरान, सालून, सुबिल, सराफत, अतीक, आशिफ, वारिस, नसीम, रानू, जीशान और नाफिस समेत 12 नामजद और 12 अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।

महापौर बोली- ये बर्दाश्त नहीं होगा 

अवैध डेयरियों पर छापामार कार्रवाई के बाद डेयरी संचालकों की ओर से पुलिस बल पर किए गए हमले से मंगलवार को मेयर और नगर आयुक्त आक्रोशित दिखे। नाराज महापौर सुषमा खर्कवाल व नगर आयुक्त गौरव कुमार ने खुद मौके पर मौजूद रहकर कार्रवाई की कमान संभाली और पुलिस व पीएसी के सहयोग से अवैध डेयरियों के 197 मवेशियों को जब्त कर लिया। उधर, पुलिस हमला करने वालों के खिलाफ गैंगस्टर लगाने की तैयारी कर रही है।

महापौर सुषमा खर्कवाल ने बताया कि रविवार को अवैध डेयरियों के खिलाफ कार्रवाई करने गई नगर निगम एवं पुलिस की टीम पर स्थानीय अराजक तत्वों ने हमला किया था। इस घटना में नगर निगम एवं पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी घायल हुए थे। एक दरोगा को भी पकड़कर पीटा गया था। अब सरकारी कार्य में बाधा डालने या टीम के साथ अभद्रता एवं हमला करने वालों के खिलाफ भी नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जा रही है। मंगलवार सुबह नगर निगम की टीम ने सुबह से ही गादियाना क्षेत्र में कार्रवाई चालू कर दी। मंगलवार को भारी पुलिस बल की मौजूदगी में रविवार को दबंगई दिखाने वाले डेयरी संचालकों की एक न चली। बताया गया कि इलाके में कई वर्षोंं से अवैध डेयरी चल रही है और सड़कों पर गोबर भरा रहता है। पशु कल्याण अधिकारी डॉ अभिनव वर्मा ने बताया कि अभियान के दौरान अवैध रूप से रखी गईं कुल 197 भैंसें पकड़ी गईं। पकड़े गए पशुओं को शहर के विभिन्न कांजी हाउसों में रखा गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button